- ग्रेनो प्राधिकरण ने दी राहत, 121 वर्गमीटर तक के बहुमंजिला फ्लैट्स के करीब 5000 खरीदार जून तक उठा सकेंगे लाभ
माई सिटी रिपोर्टर
ग्रेटर नोएडा। ग्रेनो प्राधिकरण ने फ्लैट खरीदारों को राहत देते हुए एकमुश्त समाधान योजना (ओटीएस) को मंजूरी दे दी है। यह योजना 30 जून 2025 तक लागू रहेगी। योजना के तहत प्रीमियम, अतिरिक्त प्रतिकर और लीज डीड में देरी पर लगे भारी-भरकम जुर्माने में अर्थदंड से छूट दी जाएगी। इस योजना से लगभग पांच हजार से ज्यादा फ्लैट खरीदारों को लाभ मिलने की संभावना है। साथ ही प्राधिकरण को भी लगभग सैकड़ों करोड़ रुपये की बकाया राशि मिलने की उम्मीद है।
प्राधिकरण के संपत्ति विभाग ने यह प्रस्ताव पिछली बोर्ड बैठक में रखा था। जिसे बोर्ड की मंजूरी के बाद लागू कर दिया गया था। एसीईओ सुनील कुमार ने इसका कार्यालय आदेश जारी कर दिया है। प्राधिकरण का मानना है कि इससे वर्षों से अटकी लीज डीड की प्रक्रिया पूरी होगी और फ्लैट मालिकों को कानूनी स्वामित्व भी मिल सकेगा। प्राधिकरण की ओर से इसके लिए आदेश जारी कर दिया गया है।
आदेश के मुताबिक 121 वर्गमीटर तक के बहुमंजिला फ्लैट्स पर लीज डीड में देरी की पेनाल्टी पर 80 फीसदी तक की छूट मिलेगी। प्रीमियम, प्रतिकर पर लगे ब्याज और जुर्माने में भी राहत मिलेगी। एसीईओ सुनील कुमार सिंह ने बताया कि प्राधिकरण के इस निर्णय से उन्हें राहत मिलेगी, जो किसी कारणवश समय पर लीज डीड नहीं करवा पाए थे और भारी पेनल्टी की वजह से प्रक्रिया पूरी नहीं कर पा रहे थे।