पुन्हाना। उपमंडल के सबसे बडे़ गांव सिंगार में शनिवार तड़के 3 बजे आसमानी बिजली गिरने से दो मंजिला मकान जमींदोज हो गया। जिसके मलबे में दबकर परिवार के दो सदस्यों की मौत हो गई। वहीं चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को शहीद हसन खां मेडिकल कॉलेज में दाखिल कराया गया है। वहीं पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए मांडीखेडा के अलआफिया अस्पताल भेज दिया। घटना के बाद गांव में मातम पसरा हुआ है।
जानकारी के मुताबिक सिंगार गांव निवासी हासम अपने परिवार के साथ गांव से बाहर खेतों पर बनाए मकान में पिछले काफी समय से रह रहा है। रात में हुई तेज बारिश के बाद सुबह करीब तीन बजे मकान पर अचानक आसमानी बिजली गिर गई। घटना के समय पूरा परिवार मकान में ही सो रहा था। जिससे सभी मलबे में दब गए।
मकान गिरने की आवाज सुनी तो मौके पर ग्रामीण एकत्रित हो गए और मकान के मलबे में दबे लोगों को बाहर निकालने लगे। ग्रामीणों की मदद से परिवार के लोगों को मलबे से बाहर निकालकर पुन्हाना के सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र में दाखिल कराया गया। जहां डाक्टरों ने जाहिद पुत्र हासम (22) व शाहिबा पुत्री हासम (06) को मृत घोषित कर दिया। वहीं अन्य चार की गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें शहीद मेडिकल कॉलेज के लिए रेफर कर दिया। घायलों में तीन बच्चे हैं जिनकी हालत गंभीर बनी हुई है।
सूचना पर बिछोर पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए मांडीखेडा के अलआफिया अस्पताल भिजवा दिया। पुलिस कार्रवाई में जुट गई है।
गांव सिंगार के सरपंच सहाब खां का कहना है कि जिनका मकान गिरा है वह एक किसान है। बड़ी मुश्किल से उसने बच्चों के लिए मकान बनाया है। उन्होंने सरकार और जिला प्रशासन से मांग की है कि पीड़ित परिवार को आर्थिक मुआवजा दिया जाए।
फोटो- बारिश के कारण गिरा हुआ मकान
फोटो-घटना स्थल पर षोक में जमा महिलाओं की भीड