तावडू। खंड में जल्द ही बिलासपुर रोड पर लघु सचिवालय का निर्माण किया जाएगा। ग्राम पंचायत गुढी द्वारा बिलासपुर रोड पर लघु सचिवालय निर्माण के लिए भूमि उपलब्ध कराने के प्रस्ताव को पंचायत एवं विकास विभाग द्वारा मंजूरी दे दी गई है। राज्यपाल की स्वीकृति के बाद संबंधित ग्राम पंचायत की भूमि का मुआवजा देने का आदेश भी जारी कर दिया गया है। इसके लिए ग्राम पंचायत गुढी की 6 एकड़ 4 कनाल 10 मरला भूमि के लिए 1 करोड़ 20 लाख प्रति एकड़ के हिसाब से लगभग सात करोड़ 87 लाख 37 हजार 717 रुपये का मुआवजा ग्राम पंचायत को दिया जाएगा।
तावडू पंचायत एवं विकास अधिकारी नरेंद्र कुमार ने बताया कि ग्राम पंचायत गुढ़ी द्वारा लघु सचिवालय निर्माण के लिए भूमि देने का प्रस्ताव उपलब्ध कराने के बाद तत्कालीन जिला उपायुक्त पंकज यादव ने वर्ष 2020 में मौके का निरीक्षण किया था। जिसके बाद उन्होंने पत्र जारी कर मार्केट रेट के मुताबिक संबंधित भूमि का मुआवजा 1 करोड़ 20 लाख रुपये प्रति एकड़ के हिसाब से देने की सिफारिश पंचायत व सरकार के उच्च अधिकारियों से की थी।
विकास एवं पंचायत विभाग हरियाणा के सहायक मुख्य सचिव अमित झा ने राज्यपाल की स्वीकृति के बाद संबंधित भूमि के प्रयोग से संबंधित कुछ शर्तों के मुताबिक मई माह में मंजूरी दे दी। वहीं जून माह में जिला उपायुक्त, जिला पंचायत विभाग नूंह व तावडू पंचायत विभाग को ग्राम पंचायत गुढी के प्रस्ताव व सिफारिश की गई मुआवजा की स्वीकृति देकर संबंधित पत्र जारी कर दिया।
पंचायत विकास अधिकारी नरेंद्र कुमार ने बताया कि विभाग के आदेश के मुताबिक मुआवजा राशि पंचायत के खाते में आने के बाद एक साल की समय सीमा में मिनी सचिवालय का निर्माण कार्य शुरू करना होगा।