नूंह। इंडरी डाकखाना में कोई स्थाई कर्मचारी नहीं होने पर लोगों को योजनाओं का लाभ नहीं मिल रहा है। बीते 31 मार्च को डाकघर में डाक ग्राम सेवक ओमप्रकाश के सेवानिवृत होने के बाद से किसी स्थाई कर्मचारी की नियुक्ति नहीं की है। हालांकि यहां पर अस्थाई तौर पर एक डाकिया नियुक्त हुआ है।
इंडरी डाकखाना में आने वाले गांव इंडरी, गांगोली, खेडली दोसा, दुबालू, खेड़ा खलीलपुर, नवाबगढ़ व महरका सहित अन्य गांवों के लोगों को 12 किलोमीटर दूर सोहना की दौड़ लगानी पड़ रहा है। लोगों को समय पर डाक नहीं मिल पा रही है। दूसरी ओर डाक विभाग की ओर से चलाई जा रही कई तरह की योजनाएं भी लोगों तक नहीं पहुंच पा रही हैं। सोहना जाने में लोगों का समय के साथ आर्थिक नुकसान भी हो रहा है। गांव के लोगों ने प्रशासन को इस बारे में अवगत कराया है लेकिन अभी तक इस समस्या का कोई समाधान नहीं हो पा रहा है।
क्या कहते हैं ग्रामीण
ग्रामीण कमल सरपंच, रणजीत नंबरदार, प्रवीन चेयरमैन, देवी सिंह प्रधान, जितेंद पंवार, दीपक व सुखबीर एडवोकेट ने बताया कि उनका गांव क्षेत्र के बड़े गांवों की श्रेणी में है। डाकखाने की सुविधा लोगों को समय पर मिले इसके लिए तुरंत यहां पर डाक ग्राम सेवक की नियुक्ति की जानी चाहिए। उनके गांव के साथ क्षेत्र के आधा दर्जन गांवों के लोगों को डाक के लिए परेशानी भुगतनी पड़ रही है। उन्होंने प्रशासन से इस समस्या का तुरंत समाधान कराने की मांग की है।
वहीं उपायुक्त शक्ति सिंह ने कहा कि इस बारे में जानकारी ली जाएगी। ग्रामीणों की समस्या का प्रमुखता के साथ समाधान कराया जाएगा।