नोएडा। सेक्टर-117 में करीब 46 एकड़ जमीन पर तैयार किए गए मास्टर ग्रीन पार्क में दुकानें और कैफेटेरिया खरीदने का मौका प्राधिकरण ने दिया है। इस पार्क में 24 एसी, 24 नॉन एसी दुकानें और दो कैफेटेरिया के लिए प्राधिकरण ने ई-नीलामी शुरू कर दी है।
अधिकारियों ने बताया कि ई-नीलामी की प्रक्रिया 7 फरवरी तक चलेगी। इसकी विस्तृत जानकारी के साथ ही ऑनलाइन पंजीकरण प्रॉपर्टी डॉट ई टेंडर डॉट एबीआई के माध्यम से कराया जा सकता है। इसमें एसी दुकान का क्षेत्रफल 29.19 वर्गमीटर और नॉन एसी दुकान का क्षेत्रफल 41.64 वर्गमीटर है। इन दुकानों का उपयोग सामान्य वाणिज्यिक के लिए किया जा सकता है। इनमें रेस्तरां, मीट शॉप, आटा चक्की और हलवाई आदि का काम नहीं किया जा सकता, जबकि दो कैफेटेरिया 121.73 और 126.80 वर्गमीटर क्षेत्रफल के हैं। इनमें यह केवल रेस्तरां और मिठाई की दुकान के लिए ही अनुमन्य हैं।
प्राधिकरण अधिकारी ने बताया कि इसी प्रकार सेक्टर-18 में 17 कियोस्क की ई-नीलामी कराई गई थी। 7.59 वर्गमीटर वाले इन कियोस्क को दस साल और पांच साल के किराये लिए उपलब्ध हैं। इनमें से कियोस्क संख्या-के-3 को उच्चतम बोलीदाता को आवंटित कर दिया गया है, जबकि बाकी 16 कियोस्क 25 जनवरी तक ई-नीलामी के माध्यम से किराये पर लिए जा सकते हैं। इसी प्रकार प्राधिकरण ने गैर परंपरागत शिक्षण संस्थान और नर्सरी स्कूल के लिए भूखंड आवंटन की प्रक्रिया शुरू की है। 22 फरवरी को शाम 5 बजे तक इसके लिए आवेदन किया जा सकता है।