ग्रेटर नोएडा। मत्स्य विभाग ने प्रधानमंत्री मत्स्य संपदा योजना के तहत विभिन्न परियोजनाओं के लिए ऑनलाइन आवेदन मांगे हैं। पात्र मत्स्य पालक और लाभार्थी 24 अगस्त तक विभागीय पोर्टल पर आवेदन कर सकते हैं।
सहायक मत्स्य निरीक्षक हरिशंकर त्रिपाठी ने बताया कि यह योजना वित्त वर्ष 2020-21 से संचालित है। इसका उद्देश्य जनसामान्य को लाभान्वित करना है। योजना में खारे जल में तालाब निर्माण, आरएएस इकाइयां और रियरिंग यूनिट जैसी परियोजनाएं शामिल हैं। महिला वर्ग के लिए बैकयार्ड आरएएस इकाइयां और जलाशयों में मत्स्य अंगुलिकाओं का संचय भी प्रस्तावित है। पारंपरिक मछुआरों के परिवारों को आजीविका और पोषण संबंधी सहायता मिलेगी। इन परियोजनाओं में सामान्य, महिला और अनुसूचित जाति वर्ग के लाभार्थी शामिल हैं। इच्छुक लाभार्थी fisheries.up.gov.in पर आवेदन कर सकते हैं। पोर्टल पर परियोजनाओं का विवरण और आवेदन प्रक्रिया उपलब्ध है। ब्यूरो