पुलिस की गिरफ्त में 25 हजार का इनामी बदमाश सौरभ।
- फोटो : Grnoida
मुठभेड़ में 25 हजार का इनामी बदमाश घायल, गिरफ्तार
जारचा। कोतवाली पुलिस ने मुठभेड़ में 25 हजार के इनामी बदमाश सौरभ उर्फ राणा को गिरफ्तार किया है। कार्रवाई के दौरान पैर में गोली लगने से वह घायल हो गया। पुलिस ने उसे अस्पताल में भर्ती कराया है। आरोपी सूरजपुर में हुए दोहरे हत्याकांड मेें वांछित था। पुलिस उसे कई दिनों से तलाश कर रही थी।
पुलिस ने बताया कि मंगलवार रात जारचा कोतवाली प्रभारी अनिल कुमार राजपूत टीम के साथ बिसाहड़ा बिजली घर के पास वाहनों की चेकिंग कर रहे थे। देर रात करीब एक बजे बाइक पर सवार युवक दादरी से बिसाहड़ा की ओर आता दिखाई दिया। पुलिस ने उसे रोकने का प्रयास किया तो भागने लगा। इस दौरान हड़बड़ाहट में बाइक स्लिप हो गई और आरोपी सड़क किनारे झाड़ियों में छिप गया। पुलिस ने भी उसे पहचान लिया और आत्मसमर्पण के लिए कहा। जवाब में आरोपी ने पुलिस पर दो राउंड फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में एक गोली उसके दाहिने पैर में जा धंसी और वह घायल होकर गिर पड़ा। इसके बाद पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर एक तमंचा और कारतूस भी बरामद किया है। पूछताछ में उसने अपना नाम सौरभ उर्फ राणा निवासी कठहेरा दादरी बताया। उसने सूरजपुर कोतवाली क्षेत्र में हुए राहुल और कुलदीप हत्याकांड में शामिल होने की बात कबूल की है। कोतवाली प्रभारी अनिल कुमार राजपूत ने बताया कि पकड़े गए बदमाश पर 25 हजार रुपये का इनाम है। उपचार के लिए उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है। बाद में अदालत में पेश कर जेल भेजा जाएगा।