यमुनानगर। पांच दिवसीय राज्यस्तरीय मेले के दूसरे दिन रविवार को कपालमोचन में श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ी। अधिकारियों के मुताबिक शाम तक डेढ़ लाख से ज्यादा श्रद्धालु पहुंच चुके थे। श्रद्धालु कपालमोचन, ऋणमोचन व सूरजकुंड सरोवरों में स्नान कर रहे हैं। श्रद्धालुओं की भीड़ बढ़ने से दुकानों पर जमकर खरीदारी हो रही है।
मेले ते दूसरे दिन रविवार होने के चलते भी मेला में भीड़ बहुत ज्यादा रही। छुट्टी का फायदा उठाते हुए लोग पूरे परिवार के साथ मेला देखने पहुंचे। पंजाब से आए श्रद्धालुओं के अलावा स्थानीय लोगों की संख्या बहुत ज्यादा रही। लोगों ने स्नान करके मंदिरों में पूजा अर्चना की और दीपदान किया। कपालमोचन मेले में पंजाब व अन्य राज्यों से आए श्रद्धालु परंपरा अनुसार पांच बर्तन व वंश बढ़ाने के लिए पीढ़ी और पत्थर की चक्की खरीद कर लेकर जा रहे हैं।
बढ़ी संख्या में महिलाओं ने पीढ़ी व बर्तन खरीदे। मेला में स्थित प्रदर्शनी स्थल में सूचना, जन संपर्क एवं भाषा विभाग के कैथल व पानीपत जिला से आए कलाकारों ने अपने गीतों व भजनों के माध्यम से लोगों का भरपूर मनोरंजन किया। पुराणों के अनुसार तीर्थ राज कपाल मोचन तीनों लोकों में पाप से मुक्ति दिलाने वाला पावन तीर्थ स्थल है। जिसमें उत्तर भारत के अनेक राज्यों हरियाणा, पंजाब, उत्तर प्रदेश, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, दिल्ली, चंडीगढ़ से लाखों की संख्या में सभी धर्मों के श्रद्धालु भाग लेते है।