one accused arrested for cheating millions
तावड़ू। दुकानदार जाबिर हुसैन निवासी डालावास को कंपनी में निवेश कराकर मुनाफा दिलाने का झांसा देकर लाखों रुपये की ठगी करने के मामले में तावड़ूू पुलिस ने शुक्रवार को एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी की पहचान जमशेद निवासी कैराका के रूप में हुई। इस मामले में अब तक आरोपी के तीन साथी फरार हैं। पीड़ित दुकानदार का आरोप है कि आरोपी साथियों के साथ हथीन, फिरोजपुर झिरका और दिल्ली स्थित करोलबाग आदि जगहों पर कई लोगों को झांसा देकर करोड़ों की ठगी कर चुके हैं।
जांच अधिकारी भरत सिंह ने बताया कि जुलाई 2019 में दुकानदार जाबिर ने शहर थाना पुलिस को शिकायत दी थी कि कंपनी में निवेश कर मुनाफा दिलाने का झांसा देकर उसके साथ 15 लाख 20 हजार रुपये की ठगी हुई है। इस मामले में पुलिस ने आरोपी जमशेद निवासी कैराका, तैय्यब, निसार रुद्दार, बशीर निवासी सिरमोली, जिला अलवर के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया था। पीड़ित जाबिर ने बताया कि जब उन्होंने आरोपियों से रुपये लौटाने की बात कही तो पहले तो वह दिलासा देते रहे, लेकिन बाद में धमकी देने लगे। पीड़ित का आरोप था कि वह रुपये लेने के लिए आरोपियों के घर भी गया, जहां पर आरोपियों ने उसके साथ अभद्रता की और जान से मारने की धमकी देकर भगा दिया। इस मामले में तभी से आरोपी फरार थे। जांच अधिकारी ने बताया कि शुक्रवार को उन्हें सूचना मिली कि आरोपी जमशेद घर पर ही मौजूद है। दबिश देकर पुलिस ने आरोपी को घर से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस का दावा है कि अन्य आरोपियों को भी जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।