लखनऊ। छोटा बरहा आलमबाग निवासी सुनील कुमार 30 सितंबर को मां का इलाज कराने लारी अस्पताल गए थे। वहां से उन्हें सिटी स्कैन कराने के लिए मेडिकल कॉलेज के गेट नंबर दो के भीतर भेजा गया। आरोप है कि वहां पर एक युवती पहले से खड़ी थी। युवती ने झांसे में लेकर सुनील से उनका फोन ले लिया और भाग निकली।
सुनील के मुताबिक युवती ने कहा था कि उसे परिचित से बात करनी है। थोड़ी देर तक फोन पर बात करती रही और अचानक कुछ दूर चली गई। युवती पहले से मौजूद अपने साथी के साथ बाइक पर बैठकर भाग निकली। कुछ देर बाद सुनील एटीएम से रुपये निकालने गए तो पता चला कि उनके खाते से साढ़े पांच लाख रुपये निकाल लिए गए हैं। पीड़ित ने साइबर थाने में मामले की शिकायत की।
सुनील का कहना है कि पूरी घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद है। सुनील ने चौक थाने में एफआईआर दर्ज कराकर कार्रवाई की मांग की है। पुलिस आरोपी युवती की तलाश कर रही है। एसीपी चौक राजकुमार सिंह के मुताबिक केस दर्ज कर फुटेज खंगाले जा रहे हैं। जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार किया जाएगा।