इंदिरापुरम। वैशाली स्थित रामप्रस्था ग्रीन निवासी कृष्णा मुरारी शरण के घर उन्हीं की तीमारदारी करने पहुंचे दो नर्सिंग कर्मियों ने उनके बैंक खाते से 5.05 लाख रुपये निकाल लिए। इसके बाद 25 ग्राम सोने की चेन भी लॉकर से चोरी कर भाग गए। मामला 10 सितंबर से 11 नवंबर के दौरान हुई। जब उन्होंने थाने में शिकायत की तब कार्रवाई नहीं की गई। इसके बाद उन्होंने कमिश्नर से शिकायत की। 21 नवंबर की रात पुलिस ने दिल्ली में संचालित नर्सिंग केयर होम की संचालिका रूबी यादव और कर्मी बंटी व अश्वनी के खिलाफ नामजद प्राथमिकी दर्ज कराई है।
पुलिस को दी तहरीर में पीड़ित ने बताया कि खराब स्वास्थ्य के चलते उन्होंने अपने परिचित के जरिए दिल्ली स्थित नर्सिंग केयर होम संचालिका रूबी यादव से संपर्क किया था। नौ सितंबर को रूबी ने बंटी नाम के नर्सिंग कर्मी को उनके घर नियुक्त कर दिया। इसके बाद 11 नवंबर को तीन दिन की छुट्टी बंटी ने ली और उसकी जगह पर अश्वनी नामक व्यक्ति घर पर काम करने आया। कुछ दिन बाद उन्हें पता चला कि जाने से पहले बंटी ने उनके व पत्नी के बैंक खाते से 5.05 लाख रुपये निकाल लिए।
यह रकम उसने अपने निजी बैंक स्थित खाते में ट्रांसफर की। वहीं जब और जांच की तब पता चला कि आरोपी सोने की चेन भी चुरा ले गए। अपने स्तर से छानबीन करने पर उन्हें पता चला कि संचालिका व बाकी दोनों आरोपी मिलकर इस तरह की धोखाधड़ी का काम करते हैं। इसके बाद उन्होंने कमिश्नर से शिकायत की। एसीपी इंदिरापुरम अभिषेक श्रीवास्तव ने बताया कि केयर होम संचालिका समेत तीनों आरोपियों की तलाश की जा रही है। जल्द ही गिरफ्तार कर मामले का खुलासा किया जाएगा।