-प्रतिदिन 60 से 70 विद्यार्थी पहुंच रहे, 300 से अधिक ने ली सदस्यता, नई किताबें भी उपलब्ध
माई सिटी रिपोर्टर
नोएडा। जिला लाइब्रेरी में पढ़ाई के लिए आने वाले विद्यार्थियों की बढ़ती संख्या को देखते हुए बैठने की व्यवस्था का विस्तार किया गया है। अब यहां एक साथ 90 से 100 विद्यार्थी बैठकर पढ़ाई कर सकेंगे। पहले सीमित सीट होने के कारण कई बार विद्यार्थियों को बैठने के लिए जगह नहीं मिल पाती थी। इसे देखते हुए लाइब्रेरी प्रबंधन ने अतिरिक्त कुर्सियां लगाकर व्यवस्था को बेहतर बनाया है। अधिकारियों के अनुसार, विद्यार्थियों की संख्या बढ़ने के साथ सुविधाओं का भी विस्तार किया जा रहा है।
जिला लाइब्रेरी में अब तक 300 से अधिक विद्यार्थी सदस्यता ले चुके हैं। यहां प्रतिदिन 60 से 70 विद्यार्थी पढ़ाई करने पहुंचते हैं। कई बार विद्यार्थियों की संख्या इससे अधिक हो जाती है। ऐसे में सभी को पर्याप्त जगह उपलब्ध कराने के लिए बैठने की क्षमता बढ़ाई गई है। विद्यार्थियों से मिलने वाले सुझावों और उनकी जरूरतों को ध्यान में रखते हुए लाइब्रेरी में सुविधाएं विकसित की जा रही हैं। शासन स्तर से नई किताबें भी उपलब्ध कराई गई हैं, जिससे विद्यार्थियों को अध्ययन सामग्री मिल रही है।
प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करने वाले विद्यार्थियों के लिए शांत वातावरण और पर्याप्त जगह महत्वपूर्ण होती है। निजी लाइब्रेरी में सीमित स्थान के कारण कई बार विद्यार्थियों को परेशानी का सामना करना पड़ता है। वहीं, जिला लाइब्रेरी में बेहतर बैठने की व्यवस्था और अध्ययन के अनुकूल वातावरण विद्यार्थियों के लिए उपयोगी साबित हो रहा है। यहां विद्यार्थी अपनी जरूरत के अनुसार पढ़ाई कर सकते हैं।
जरूरत के अनुसार बढ़ेंगी सुविधाएं :
जिला लाइब्रेरी के प्रभारी रघुराज भाटी ने बताया कि प्रतिदिन 60 से 70 विद्यार्थी पढ़ने पहुंच रहे हैं। कई बार संख्या बढ़ने से बैठने के लिए अतिरिक्त जगह की जरूरत पड़ती है। इसी को ध्यान में रखते हुए सीटों की संख्या बढ़ाई गई है। उन्होंने बताया कि प्रदेश में नई स्थापित लाइब्रेरी में जिला लाइब्रेरी को चौथा स्थान मिला है। विद्यार्थियों की संख्या और जरूरतों के आधार पर भविष्य में भी सुविधाओं का विस्तार किया जाएगा। आवश्यकता पड़ने पर अतिरिक्त कुर्सियां लगाई जाएंगी, ताकि अधिक से अधिक विद्यार्थी यहां बैठकर पढ़ाई कर सकें।