नूंह। सरकार द्वारा नूंह नगरपालिका को नगर परिषद का दर्जा देने से लोगों की उम्मीदें बढ़ गई हैं। शहरवासी नूंह को नगर परिषद का दर्जा देने की मांग लंबे समय से कर रहे थे। नगर परिषद बनने से शहर के विकास के लिए अधिक राशि आवंटित होगी। इसके अलावा शिक्षा, स्वास्थ्य, साफ-सफाई, मनोरंजन और पर्यटक स्थलों के विकसित होने की भी उम्मीद जगी है। बता दें कि नूंह को जिला बने करीब पंद्रह साल हो गए है, लेकिन इसके बावजूद यहां सड़कें और पेयजल जैसी जरूरी सुविधाओं का अभाव है। नगर परिषद बनने से जिले के युवाओं को उम्मीद है कि रोजगार के नए संसाधन जल्द विकसित होंगे।
सरकार की यह बहुत ही सराहनीय पहल है। हमारी सरकार ने नूंह जिले में विकास कार्यों में कोई कमी नहीं छोड़ी है। यह हमारी बहुत ही पुरानी मांग थी। जिसे सरकार ने पूरा कर बड़ा तोहफा दिया है।
- नरेंद्र पटेल, भाजपा जिला अध्यक्ष नूंह।
नूंह के नगर परिषद बनने से एरिया तो बढ़ेगा ही साथ ही हर कार्य के लिए सरकार अतिरिक्त बजट की भी सौगात देगी। अधिक राशि आने से निश्चित ही विकास कार्य हो सकेंगे।
- जाहिद हुसैन चेयरमैन, प्रदेश भाजपा कार्यकारिणी सदस्य।
प्रदेश की भाजपा जेजेपी गठबंधन सरकार नूंह जिले के विकास को लेकर बहुत ही गंभीर है। सरकार ने अपने कार्यकाल के प्रारंभ नूंह को नगर परिषद का दर्जा देकर विकास के पथ पर आगे बढ़ने का संदेश दिया है।
- तैय्यब हुसैन घासेड़िया, जेजेपी जिला अध्यक्ष नूंह।
नूंह जिले में सरकार विकास के भले ही बड़े बड़े दावे कर रही है। लेकिन जिले में धरातल पर आज भी बहुत अधिक कार्य करने की जरूरत है। सरकार को लोगों को सपने दिखाने की बजाया जिले की स्वास्थ्य, शिक्षा और बेरोजगारी की समस्या पर ध्यान देने की जरूरत है।
- फकरुद्दीन एडवोकेट चंदेनी, वरिष्ठ कांग्रेसी नेता।