दिल्ली-एनसीआर में शुक्रवार सुबह एक बार फिर आफत की बारिश हुई। कुछ देर में ही कहीं सड़कों पर लंबा जाम लग गया तो कहीं सड़कें ही तालाब बन गईं। दिल्ली में एनएच-9 पर बारिश के बाद लंबा जाम लग गया है। लोगों को इससे खासी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
दनकौर रेलवे स्टेशन के पास खेरली गांव पर ग्रेटर नोएडा सिकंदराबाद मुख्य मार्ग पर जल भराव हो गया है। दनकौर कोतवाली परिसर में भी बारिश का पानी भर गया है।
गाजियाबाद में हो रही भारी बारिश को दृष्टिगत रखते हुए विभिन्न स्थानों पर जलभराव की स्थिति का जायजा लेने के उद्देश्य से जिलाधिकारी अजय शंकर पांडेय के द्वारा शहर के विभिन्न स्थानों पर स्थल निरीक्षण किया जा रहा है।
जिला अधिकारी के साथ में नगर स्वास्थ्य अधिकारी एवं अन्य संबंधित अधिकारी भी मौजूद हैं। जहां-जहां पर जलभराव की स्थिति उन्हें दृष्टिगत हो रही है जल निकासी के संबंध में जिला अधिकारी के द्वारा मौके पर ही नगर निगम के अधिकारियों को आवश्यक दिशा निर्देश प्रदान किए जा रहे हैं।