नोएडा प्राधिकरण बनाएगा चिल्ड्रन क्लब ग्रेनो एक्सप्रेसवे किनारे 25 एकड़ में बनेगा क्लब
200 करोड़ रुपये है अनुमानित लागत
माई सिटी रिपोर्टर
नोएडा। आपके बच्चे शहर में ही धरती, आसमान और समुद्री दुनिया से रूबरू होंगे क्योंकि 25 एकड़ में चिल्ड्रन क्लब बनने जा रहा है। इसमें ज्ञान-विज्ञान की दुनिया होगी। इस क्लब में लखनऊ के विज्ञान आचंलिक केंद्र और नक्षत्रशाला की झलक दिखेगी। इसके लिए नोएडा प्राधिकरण ने प्रस्ताव तैयार कर जगह की तलाश शुरू कर दी है। नोएडा-ग्रेनो एक्सप्रेसवे किनारे जमीन देखी जा रही है।
चिल्ड्रेन क्लब के निर्माण की लागत 200 करोड़ रुपये अनुमानित हुई है। प्राधिकरण के अधिकारियों ने बताया कि जिले में ऐसा कोई स्थान नहीं है जहां बच्चों को विज्ञान से जुड़ी जानकारियां दी जा सकें। सेक्टर-33ए में बच्चों के लिए चिल्ड्रेन पार्क है लेकिन उसकी जगह भी बड़ी नहीं है।
दिल्ली-लखनऊ के देखे विज्ञान केंद्र
अधिकारियों ने बताया कि दिल्ली-लखनऊ समेत कई अन्य शहरों में बच्चों के लिए बने विज्ञान केंद्र देखे गए। फिर धरती, आकाश और समुद्र के जीवन की जानकारी और विज्ञान का ज्ञान बढ़ाने के लिए इस परियोजना का प्रस्ताव बनाया गया। इसे अलग-अलग भागों में बनाया जाएगा। मकसद यह होगा कि इसे दिखाने के लिए दूर-दराज जिलों के स्कूल भी छात्रों को लेकर आएं।
ये व्यवस्थाएं भी होंगी
आने वाले छात्रों के ठहरने के लिए हॉस्टल भी बनाया जाएगा। पार्किंग, बच्चों के खेलने की जगह, रेस्तरां-कैंटीन समेत अन्य सुविधाएं भी होंगी। जगह का चयन होने के साथ परियोजना की प्रक्रिया प्राधिकरण आगे बढ़ाएगा।
कोट-
चिल्ड्रेन क्लब का प्रस्ताव तैयार कराया गया है। इसका निर्माण करीब 25 एकड़ में कराया जाएगा। यहां पर बच्चों को खेलकूद के साथ ज्ञान व विज्ञान की जानकारियां मिल सकेंगी। जमीन तलाशने के लिए भू-लेख व नियोजन विभाग को निर्देश दिए गए हैं। - महेंद्र प्रसाद, ओएसडी, नोएडा प्राधिकरण