अब संगीत से दूर कर सकेंगे तनाव, अलग-अलग धुनों से होगी थेरेपी
- राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय की पहल, साइकोलॉजी और संगीत विभाग ने तैयार की धुनें
- अलग अलग संगीत की धुन से होगी थेरेपी
माई सिटी रिपोर्टर
नोएडा। शहर के लोगों का संगीत से तनाव दूर किया जाएगा। राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय ने यह पहल की है। महाविद्यालय के साइकोलॉजी और संगीत विभाग की ओर से इस पर काम शुरू कर दिया गया है। पहले फेज में दोनों विभाग मिलकर धुन तैयार कर रहे हैं। ज्यादा से ज्यादा लोग इसका फायदा उठा सकें इसके लिए महाविद्यालय की ओर से फोन नंबर जारी किए जाएंगे। पहले इस नंबर पर कॉल करके अपॉइंटमेंट लेनी होगी, ताकि थेरेपी के लिए आने वाले लोगाें को इंतजार न करना पड़े।
कॉलेज प्रबंधक का कहना है कि संगीत सुनने से मन शांत होता है और तनाव कम होता है। संगीत में वह ताकत होती है, जो मानसिक रूप से किसी को भी स्वस्थ बनाने में सहायक होती है। इसकी अनेक विधाएं किसी न किसी स्तर पर मन को खुश और तनाव मुक्त करने में भूमिका निभाती है। इसलिए महाविद्यालय की ओर से इस पर काम शुरू कर दिया गया है।
प्राचार्य डॉ. राजीव गुप्ता ने बताया कि पहले साइकोलॉजी विभाग की ओर से शख्स के तनाव के स्तर का पता किया जाएगा। इसके लिए उन्होंने सवालों का प्रारूप तैयार किया है। इसके बाद उनकी काउंसलिंग होगी। फिर संगीत थेरेपी शुरू की जाएगी। इसके लिए विभाग की ओर से कई तरह के म्यूजिक तैयार किए जा रहे हैं। कुछ धुनें तैयार भी कर ली गई हैं। इसके लिए पहले अपॉइंटमेंट लेनी होगी, ताकि लोगों को इंतजार न करना पड़े। साथ ही, छात्रों की कक्षाएं भी प्रभावित न हो।
छात्रों के लिए शुरू हुआ संगीत मेडिटेशन
अभी महाविद्यालय में छात्रों के लिए संगीत मेडिटेशन शुरू किया गया है। कॉलेज प्रबंधन का कहना है कि रोजाना मेडिटेशन में शामिल होने वाले छात्रों में सकारात्मक प्रभाव देखने को मिल रहा है। इसको भी बड़े स्तर पर शुरू किया जाएगा।