- कलक्ट्रेट और जिले के तीनों विधानसभा क्षेत्र में चार स्थानों पर आज से शुरू होंगे ईवीएम प्रदर्शन केंद्र
- सुबह 10 से शाम पांच बजे तक मिलेगी सुविधा - मतदाता समझ सकेंगे वोट डालने से लेकर वीवीपैट में पर्ची देखने तक की पूरी प्रक्रिया
माई सिटी रिपोर्टर
ग्रेटर नोएडा। गौतमबुद्ध नगर निवासी ईवीएम पर बटन दबाकर मतदान का अनुभव ले सकेंगे। इसके लिए जिला प्रशासन की ओर से शुक्रवार से जिले में चार स्थानों पर ईवीएम प्रदर्शन केंद्र शुरू किए जा रहे हैं। यहां पहुंचकर कोई भी मतदाता मशीन की कार्यप्रणाली समझने के साथ मतदान की पूरी प्रक्रिया का व्यावहारिक अनुभव ले सकेगा।
विधानसभा सामान्य निर्वाचन-2027 की तैयारियों के तहत जिला प्रशासन ने यह पहल की है। इसका उद्देश्य लोगों को ईवीएम और वीवीपैट के प्रति जागरूक करना और मतदान प्रक्रिया की जानकारी देना है। इसके लिए कलेक्ट्रेट के अलावा नोएडा, दादरी और जेवर विधानसभा क्षेत्रों में प्रदर्शन केंद्र बनाए गए हैं। इन केंद्रों पर रोजाना सुबह 10 बजे से शाम पांच बजे तक ईवीएम का प्रदर्शन किया जाएगा। यहां मतदाताओं को बताया जाएगा कि ईवीएम पर अपनी पसंद के प्रत्याशी के सामने बटन दबाने के बाद वोट किस तरह दर्ज होता है और वीवीपैट के माध्यम से इसकी पुष्टि कैसे की जाती है।
विज्ञापन
जिला निर्वाचन अधिकारी मेधा रूपम की मौजूदगी में बृहस्पतिवार को कलेक्ट्रेट परिसर से ईवीएम और वीवीपैट मशीनें प्रशिक्षण एवं प्रदर्शन के लिए निकाली गईं। इस दौरान मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि भी मौजूद रहे। मशीनों को रिजर्व वेयरहाउस में सुरक्षित रखा गया है। प्रदर्शन केंद्रों पर इन्हीं मशीनों के माध्यम से लोगों को मतदान की प्रक्रिया समझाई जाएगी।
हर दिन रीसेट होगा मशीन का डाटा
प्रदर्शन केंद्रों पर पारदर्शिता बनाए रखने के लिए भी व्यवस्था की गई है। प्रत्येक दिन मशीनों का डाटा शून्य किया जाएगा। हर केंद्र पर एक रजिस्टर रखा जाएगा, जिसमें आने वाले मतदाताओं का विवरण और ईवीएम में दर्ज मतों का लेखा-जोखा दर्ज होगा। केंद्रों की साप्ताहिक प्रगति रिपोर्ट मुख्य निर्वाचन अधिकारी कार्यालय को भेजी जाएगी। प्रदर्शन समाप्त होने के बाद कंट्रोल यूनिट के परिणाम क्लियर किए जाएंगे और वीवीपैट की पर्चियों को नियमानुसार नष्ट कराया जाएगा।
मशीनों की सुरक्षा के लिए रिजर्व स्ट्रांग रूम में 24 घंटे सीसीटीवी कैमरों से निगरानी की जाएगी। यहां पुलिस बल भी तैनात रहेगा। वहीं, तहसील स्तर पर उप जिलाधिकारी प्रदर्शन केंद्रों की निगरानी और व्यवस्थाओं का पर्यवेक्षण करेंगे। प्रशासन की इस पहल से लोगों को चुनाव से पहले मतदान की तकनीकी प्रक्रिया समझने और अपनी जिज्ञासाओं का समाधान करने का मौका मिलेगा।