नोएडा। विद्युत उपभोक्ता अब व्हाट्स नंबर पर भी बिजल बिल प्राप्त कर सकेंगे। साथ ही आपूर्ति संबधित शिकायत भी कर सकेंगे। पश्चिमांचल विद्युत वितरण निगम ने उपभोक्ताओं के लिए व्हाट्सएप नंबर 7859804803 जारी किया हे। मौजूदा उपभोक्ता टोल फ्री नंबर 1912 के अलावा नए व्हाट्सएप नंबर पर सीधी शिकायत की जा सकेगी। निगम का दावा है कि सुविधा शुरू होने से कामकाज में पारदर्शिता आएगी। उपभोक्ता घर बैठे अपनी समस्या का समाधान करा सकेंगे। विभाग इसका प्रचार-प्रसार कराने में जुट गया है।
पश्चिमांचल विद्युत वितरण निगम के मुख्य अभियंता वीएन सिंह ने बताया कि बिजली विभाग में शिकायत दर्ज कराने के लिए उपभोक्ता 1912 नंबर का उपयोग करते थे। अब वह व्हाट्सएप नंबर पर भी शिकायत दर्ज करा कर समाधान करा सकेंगे। इसके अलावा वह इसी नंबर पर व्हाट्सएप के माध्यम से अपना बिजली का बिल भी प्राप्त कर सकेंगे। इसके लिए दिए गए नंबर पर उपभोक्ता को अपना कनेक्शन/ अकाउंट नंबर भेजना होगा। नंबर व्हाट्सएप करते ही उन्हें इस माह का बिल भेज दिया जाएगा। उन्होंने बताया कि विभाग लगातार उपभोक्ताओं को बिजली बिल के भुगतान से लेकर अन्य तमाम तरह की जानकारियों को साझा करने के लिए सोशल मीडिया का उपयोग कर रहा है। इससे वह कहीं से भी, किसी भी समय अपनी समस्या विभाग में दर्ज करा सकते हैं। उन्होंने कहा कि इससे विभाग के अधिकारियों व उपभोक्ताओं के बीच सीधा संवाद होगा। लोग आसानी से सवाल पूछ कर अपनी समस्या का निस्तारण करा सकेंगे।
व्हाट्सएप नंबर पर भी शिकायत दर्ज कराने के साथ बिल भी प्राप्त करने की सुविधा उपलब्ध कराई गई है। इससे जिले के लाखों उपभोक्ताओं को लाभ होगा। - वीएन सिंह, मुख्य अभियंता, पश्चिमांचल विद्युत वितरण निगम, गौतमबुद्धनगर।