नई दिल्ली (पुरुषोत्तम वर्मा)। राजधानी में थानाध्यक्ष अब थाने में बीट अफसर की न तो ड्यूटी लगा सकेंगे और ना ही उनकी मनमानी चलेगी। अब थाना इलाके में बीट अफसर की ड्यूटी कंप्यूटर लगाएगा। एक जनवरी से दिल्ली पुलिस में ई-चिट्ठा मुंशी प्रोजेक्ट लागू किया जा रहा है। पायलट प्रोजेक्ट के तौर पर ई-चिट्ठा मुंशी सॉफ्टवेयर दिल्ली पुलिस के 15 जिलों के एक-एक थाने में शुरू किया जा रहा है। प्रोजेक्ट के सफल रहने पर इसे सभी थानों में लागू कर दिया जाएगा। यह सॉफ्टवेयर यह भी बताएगा कि किस बीट अफसर ने ज्यादा या कम ड्यूटी की है।
फिलहाल दिल्ली पुलिस के थानों में एक चिट्ठा मुंशी तैनात होता है। जो थानाध्यक्ष की आदेश पर काम करता है। मुंशी बीट अफसरों की ड्यूटी लगाता है। माना जाता है कि चिट्ठा मुंशी अपने और थानाध्यक्ष के चहेते पुलिसकर्मियों की ड्यूटी बढ़िया बीट में लगाता है। कुछ पुलिसकर्मी एक ही बीट पर सालों ड्यूटी करते रहते हैं। ऐसे थानाध्यक्ष और चिट्ठा मुंशी की मनमानी खत्म करने के लिए ई-चिट्ठा मुंशी प्रोजेक्ट लागू किया जा रहा है।
इसके तहत सॉफ्टवेयर बीट अफसर की ड्यूटी लगाएगा। सॉफ्टवेयर ये भी बताएगा कि जिस बीट अफसर ने कम रेस्ट लिया है तो उसको अवकाश दिया जाना चाहिए। इस सिस्टम में थानाध्यक्ष बीट अफसर को बदल नहीं सकेंगे। किसी बीट अफसर या पुलिसकर्मी की ड्यूटी बदलने के लिए सीनियर अफसरों की अनुमति जरूरी होगी।
हाल ही में इन 15 थानों के थानाध्यक्षों को ट्रेनिंग के लिए सोमवार को पुलिस मुख्यालय बुलाया गया था। पुलिस आयुक्त राकेश अस्थाना के ओएसडी रोमिल बानिया की ओर से जारी एक आदेश में कहा गया है कि ई-चिट्ठा मुंशी पायलट प्रोजेक्ट के तौर पर शुरू किया जा रहा है। इसके तहत विशेष रूप से विकसित किया गया सॉफ्टवेयर थाने में पुलिसकर्मियों की ड्यूटी लगाएगा। पहली जनवरी से इसका पायलट प्रोजेक्ट शुरू होगा। इन थानों के थानाध्यक्ष व नोडल अफसर इस प्रोजेक्ट के तहत ट्रेनिंग लेंगे।
दक्षिण जिले के अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त हर्षवर्धन, मध्य जिले के अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त रोहित मीणा और दक्षिण-पश्चिमी जिले के अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त अमित कुमार पायलट प्रोजेक्ट की निगरानी करेंगे। प्रोजेक्ट का जो भी नतीजा आएगा उसके बारे में पुलिस मुख्यालय को अवगत कराया जाएगा।
जिला थाना
दक्षिण ग्रेटर कैलाश
दक्षिण-पूर्व अमर कॉलोनी
उत्तरी कश्मीरी गेट
पश्चिमी इंद्रपुरी
उत्तर-पूर्व शास्त्री पार्क्र
मध्य राजेंद्र नगर
पूर्वी कल्याणपुरी
बाहरी मुंडका
शाहदरा शाहदरा
बाहरी-नार्थ अलीपुर
दक्षिण-पश्चिमी पालम
नई दिल्ली मंदिर मार्ग
उत्तर-पश्चिमी केशवपुरम
द्वारका द्वारका(नार्थ)
रोहिणी बेगमपुर