अब 31 अगस्त तक भर सकेंगे बोर्ड परीक्षा के फॉर्म
ग्रेटर नोएडा। उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद की दसवीं व बारहवीं की बोर्ड परीक्षाओं के लिए फॉर्म भरने की अंतिम तिथि बढ़ा दी गई है। छात्र अब 31 अगस्त तक फॉर्म भर सकते हैं। पहले अंतिम तिथि पांच अगस्त थी। जिला विद्यालय निरीक्षक डॉ. नीरज कुमार पांडे ने बताया कि कोरोना महामारी को देखते हुए शासन स्तर से तिथि आगे बढ़ाई गई है। वहीं, परीक्षा शुल्क जमा करने की अंतिम तिथि को आगे बढ़ाकर 31 अगस्त कर दिया गया है। स्कूल विद्यार्थियों की फीस को एक मुश्त चालान के माध्यम से सात सितंबर तक कोषागार में जमा करा सकेंगे। पहले अंतिम तिथि दस अगस्त रखी गई थी। साथ ही स्कूल परीक्षा शुल्क व विद्यार्थियों का शैक्षिक विवरण 21 सितंबर तक परिषद की आधिकारिक वेबसाइट पर दर्ज करा सकेंगे। पहले इसके लिए अंतिम तारीख 16 अगस्त रखी गई थी।
नौवीं और ग्यारहवीं में भी 31 तक मौका
जिला विद्यालय निरीक्षक ने बताया कि माध्यमिक स्कूलों नौवीं और ग्यारहवीं में दाखिले की अंतिम तिथि भी बढ़ा दी गई है। छात्र 31 अगस्त तक दाखिला ले सकते हैं। पहले अंतिम तिथि 5 अगस्त थी। विद्यार्थियों को दाखिले के लिए पंजीकरण शुल्क के तौर पर 50 रुपये स्कूल में जमा करने होंगे। स्कूल द्वारा इस शुल्क को 21 सितंबर तक कोषागार में जमा किया जाएगा।