समालखा। मनाना गांव की सरपंच को पंचायती जमीन की बोली के 3.12 लाख रुपये जमा कराने का नोटिस दिया है। बीडीपीओ ने नोटिस में सरपंच को यह राशि जमा कराने के लिए दो दिन का समय दिया है। विभाग इसके बाद आगामी कार्रवाई कर सकता है।
खंड विकास एवं पंचायत अधिकारी समालखा ने पत्र में कहा कि मनाना गांव में वर्ष 2025-26 की पंचायती जमीन की बोली कराई गई थी। ग्राम सचिव ने लिखित रिपोर्ट में बताया कि पंचायती जमीन की बोली की राशि 312600 रुपये पंचायत के खाते में जमा नहीं कराए गए हैं। जबकि यह राशि नियमानुसार जमा करानी होगी है। इस राशि को दो दिन के अंदर जमा कराया जाय। इसमें 21 प्रतिशत ब्याज सहित यह राशि जमा करानी होगी। पंचायत तय समय में राशि को जमा नहीं कराती है तो नियमानुसार आगामी कार्रवाई की जाएगी। बीडीपीओ ने स्पष्ट लिखा कि किसी प्रकार की कार्रवाई में सरपंच निजी तौर पर जिम्मेदार होंगी।
नियमानुसार काम कर रहे
खंड विकास एवं पंचायत अधिकारी नीतिन यादव ने बताया कि समालखा के संबंधित बैंक प्रबंधक को भी पत्र लिखा है। उन्होंने कहा कि मनाना ग्राम पंचायत के किसी भी खाते से आगामी आदेशों तक कोई भी अदायगी नहीं की जाए। इसकी एक प्रति मनाना ग्राम सचिव को भी भेजी है। वहीं लिखा है कि ग्राम पंचायत सरपंच राशि को दो दिन में जमा नहीं कराती हैं तो इसकी रिपोर्ट कार्यालय में की जाए। वहीं सरपंच के पति प्रवीण ने बताया कि वे नियमानुसार काम कर रहे हैं। पंचायत की राशि बाकी है तो खाते में जमा कराई जाएगी।