225 किलोग्राम नकली टाटा नमक मिलने का मामला
गोरखपुर। खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन ने साहबगंज मंडी के व्यापारी लवकुश प्रसाद को नोटिस जारी किया है। कंपनी अधिकारियों की शिकायत पर उनकी दुकान से 225 किलोग्राम टाटा नमक की नकली पैकिंग में नमक जब्त किया गया था। खाद्य सुरक्षा विभाग ने नोटिस में तीन दिनों के भीतर स्पष्टीकरण देने को कहा है। यदि संतोषजनक जवाब नहीं मिलता है तो व्यापारी का लाइसेंस निलंबित किया जा सकता है।
टाटा कंपनी के जांच अधिकारी नोएडा निवासी डमरू आनंद ने पुलिस में शिकायत की थी कि साहबगंज मंडी में टाटा नमक के ब्रांड नाम से नकली नमक बेचा जा रहा है। 12 नवंबर को राजघाट पुलिस ने लवकुश प्रसाद की दुकान में छापा मारा और नौ बोरियों में भरे 225 किलोग्राम नकली नमक जब्त किए। इसके बाद राजघाट थाना पुलिस ने कापीराइट एक्ट के तहत प्राथमिकी दर्ज की। दो महीने पहले भी राजघाट क्षेत्र में नकली टाटा नमक का बड़ा भंडार पकड़ा गया था। पुलिस और खाद्य सुरक्षा विभाग यह पता लगा रहे हैं कि यह धंधा कहां से संचालित हो रहा है। आगरा में भी नकली टाटा नमक और सर्फ एक्सल फैक्टरी का भंडाफोड़ हो चुका है।
इस संबंध में खाद्य सुरक्षा के सहायक आयुक्त डॉ. सुधीर कुमार सिंह ने बताया कि व्यापारी को नोटिस जारी कर तीन दिन के भीतर जवाब मांगा गया है।