दिल्ली के मुख्य चुनाव आयुक्त से 12 दिन बाद भी नहीं मिली अनुमति
निगम सचिव कार्यालय ने चुनाव कराने के लिए मांगी है एनओसी
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली।
मेयर चुनाव के लिए आम आदमी पार्टी और भाजपा की ओर से नामांकन पत्र भरने की प्रक्रिया पूरी कर ली गई है, लेकिन चुनाव पर संशय बरकरार है। लोकसभा चुनाव के कारण आचार संहिता लगी हुई है। ऐसे में मेयर चुनाव कराने के लिए दिल्ली नगर निगम सचिव कार्यालय की ओर से दिल्ली के मुख्य चुनाव आयुक्त कार्यालय से अनुमति मांगी गई है। निगम ने 12 दिन पहले फाइल भेजी थी, लेकिन अब तक एनओसी नहीं मिली है।
डीएमसी एक्ट-1957 के मुताबिक नए वित्त वर्ष के पहले महीने में होने वाली निगम सदन की पहली बैठक में मेयर का चुनाव कराना होता है, इसलिए आचार संहिता लगे होने के बावजूद मेयर को नए मेयर के निर्वाचन के लिए सदन की बैठक आयोजित करने की तारीख तय करनी पड़ी है और इसके लिए सारी कानूनी प्रक्रिया का पालन भी किया जा रहा है, लेकिन मेयर चुनाव होगा या नहीं यह फैसला करने का अधिकार दिल्ली के मुख्य चुनाव आयुक्त कार्यालय के पास है। निगम सचिव कार्यालय की मानें तो यदि वे मना कर दें तो चुनाव स्थगित भी हो सकता है, लेकिन मेयर चुनाव कराने के लिए 26 अप्रैल की तारीख तय की गई है। ऐसे में माना जा रहा है कि 22 से 25 अप्रैल के बीच मुख्य चुनाव आयुक्त के यहां से कभी भी एनओसी मिल सकती है।
एलजी तय करेंगे पीठासीन अधिकारी का नाम
मेयर का चुनाव कराने के लिए पीठासीन अधिकारी कौन होगा, इस समय इसे लेकर सबके मन में जिज्ञासा है, लेकिन निगम सचिव कार्यालय के मुताबिक उन्होंने पीठासीन अधिकारी नियुक्त करने के लिए एलजी कार्यालय के पास नोट्स भेज दिए हैं। निगम के जो भी सदस्य मेयर पद के प्रत्याशी हैं, उनके अलावा किसी भी सदस्य को एलजी पीठासीन अधिकारी नामित कर सकते हैं। वे चाहें तो मेयर डॉ. शैली ओबरॉय को भी ये जिम्मेदारी सौंप सकते हैं।
आम चुनाव की तरह एक दूसरे से मांग रहे समर्थन
मेयर का चुनाव आम चुनाव की तरह हो गया है, जहां आप और भाजपा दोनों ही अपने पक्ष में वोट करने के लिए निगम सदस्यों से संपर्क साध रहे हैं। पूर्व मेयर और मौजूदा समय में भाजपा पार्षद सत्या शर्मा ने आप के पार्षदों से भाजपा का समर्थन करने की अपील की है। उन्होंने जेल में बंद आप के मुखिया सीएम अरविंद केजरीवाल, पूर्व डिप्टी सीएम मनीष सिसोदिया, सत्येन्द्र जैन जैसे नेताओं का उदाहरण देते हुए पार्षदों से अपना जमीर जगाने के लिए कहा है। दूसरी ओर आप की वरिष्ठ नेता आतिशी ने भाजपा पार्षदों से अपील की है कि निगम में उनकी पार्टी का समर्थन करें।