पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वह अलीगढ़ के क्वारसी क्षेत्र से कारों में बीफ लेकर यमुना एक्सप्रेस-वे के बाद डीएनडी के रास्ते दिल्ली के शाहीन बाग जाते थे। उन्होंने बताया कि उनका काम केवल अलीगढ़ से डीएनडी के रास्ते दिल्ली बॉर्डर तक बीफ पहुंचाना था। अलीगढ़ में कौन लोग बीफ तैयार करते हैं और कौन शाहीन बाग में बेचते हैं, इसकी जानकारी नहीं है। पुलिस अलीगढ़ और दिल्ली में गिरोह के अन्य बदमाशों की तलाश कर रही है।
आरोपियों को तैयार मिलती थी गाड़ी और चालक
पुलिस ने बताया कि आरोपियों ने पूछताछ में बताया कि उन्हें अलीगढ़ में गाड़ी तैयार मिलती थी, जहां से रात 12 बजे के बाद वह गाड़ियां लेकर निकलते थे। वहीं डीएनडी के रास्ते दिल्ली बॉर्डर पर पहुंचने के बाद उन्हें गाड़ियों को आगे ले जाने वाले चालक खड़े मिलते थे। आरोपी दिल्ली बॉर्डर से दूसरी गाड़ियों को लेकर वापस अलीगढ़ पहुंच जाते थे।
यमुना एक्सप्रेस-वे बना तस्करी का सुगम रास्ता
यमुना एक्सप्रेस-वे शराब, बीफ समेत अन्य गैरकानूनी वस्तुओं की तस्करी का सुगम रास्ता बनता जा रहा है। अपराधी यमुना एक्सप्रेस-वे के रास्ते आसानी से तस्करी कर रहे हैं। 250 किलो बीफ पकड़े जाने से पहले कई बार यमुना एक्सप्रेस-वे के रास्ते तस्करी की जा रही शराब भी बरामद हुई है। गोवंश समेत अन्य पशुओं की तस्करी भी यमुना एक्सप्रेस-वे से पकड़ी जाती रही है।