दिल्ली से सटे नोएडा में दीये से एक फ्लैट में आग लग गई। जिसकी वजह से लाखों का नुकसान हो गया। यह घटना सेक्टर-11 स्थित धवलगिरी अपार्टमेंट के भूतल की बताई जा रही है।
नोएडा। सेक्टर-11 स्थित धवलगिरी अपार्टमेंट के भूतल स्थित एक फ्लैट में शनिवार रात दीये से आग लग गई। इसमें रखा लाखों का सामान जल गया। आग प्रथम तल के फ्लैट तक पहुंच गई थी हालांकि वहां कोई नुकसान नहीं हुआ। हादसे में कोई हताहत नहीं हुआ है। अग्निशमन विभाग की टीम ने आग पर काबू पा लिया है।
मुख्य अग्निशमन अधिकारी प्रदीप कुमार चौबे ने बताया कि शनिवार रात धवलगिरी अपार्टमेंट के फ्लैट में आग लगने की सूचना मिली। इसके बाद अग्निशमन विभाग की छह दमकल गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। करीब एक घंटे में आग पर काबू पाया गया।
विज्ञापन
अपार्टमेंट के भूतल में रहने वाले जीसी भट्ट के फ्लैट में आग लगी थी। आग मंदिर में जल रहे दीये के कारण लगी थी। मौके पर अग्निशमन विभाग की टीम के साथ-साथ एसीपी अरविंद कुमार समेत स्थानीय पुलिस की टीम मौजूद थी। ब्यूरो