नोएडा प्राधिकरण कार्यालय पर धरना दे रहे 41 नामजदों सहित 641 किसानों पर कोतवाली सेक्टर-20 में मामला दर्ज किया गया है। आरोप है कि किसान नेता सुखबीर खलीफा समेत सैकड़ों किसानों ने घेराव कर प्राधिकरण के गेट बंद कर दिए और सरकारी कार्य में बाधा डाली।
पुलिस के मुताबिक, प्राधिकरण के सहायक प्रबंधक रामचंद्र की तहरीर पर किसान नेता सुखबीर खलीफा, उदल सिंह, महेश, सुधीर चौहान, अंकित, ओमवीर, बिजेंदर, अतुल, सुरेंद्र, राजेंद्र, विपुल, सतपाल, अरविंद, गौरव यादव, राहुल, सागर, प्रेमचंद्र, सोनू, तेजपाल, पूनम, बबली शर्मा, सविता, अलका, विनोद यादव, सुनील चौहान, अतुल, अमित भाटी सहित 41 नामजदों और 600 अज्ञात किसानों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है।
गोला-लाठी लगाकर किसानों ने किया प्रदर्शन
भारतीय किसान परिषद के तत्वावधान में प्राधिकरण पर चल रहा धरना गुरुवार को भी जारी रहा। धरने के 93वें दिन बृहस्पतिवार को एक किसान को गोला-लाठी से बांधकर सांकेतिक प्रदर्शन किया गया। इससे प्राधिकरण को संदेश देते हुए किसानों ने जल्द मांगें पूरी करने को कहा। गुरुवार को भी प्राधिकरण दफ्तर पर महिलाओं ने चूल्हे पर रोटी बनाई और किसानों को खाना खिलाया। इस मौके पर भारतीय किसान परिषद के अध्यक्ष सुखबीर खलीफा ने कहा कि मांगें पूरी न होने तक धरना जारी रहेगा।
किसान भवन का बैनर लगाया
प्राधिकरण के स्वागत कक्ष पर किसान भवन का बैनर लगाकर तबेला बना दिया। किसानों का कहना है कि जब तक मांगें पूरी नहीं होंगी प्राधिकरण किसान भवन ही बना रहेगा। सुखबीर खलीफा ने बताया कि शुक्रवार को प्राधिकरण के चेयरमैन संजीव मित्तल की किसानों से वार्ता होगी। अगर वार्ता विफल होगी तो सोमवार से प्राधिकरण को पूर्ण रूप से बंद कर दिया जाएगा।