नोएडा एयरपोर्ट को पर्यावरण मंत्रालय से मिली मंजूरी
ग्रेटर नोएडा। नोएडा एयरपोर्ट की राह की बड़ी बाधा दूर हो गई है। बृहस्पतिवार को केंद्र सरकार के वन एवं पर्यावरण मंत्रालय ने एयरपोर्ट परियोजना को पर्यावरणीय मंजूरी दे दी है। मुख्यमंत्री के प्रमुख सचिव एसपी गोयल ने ट्वीट करके खुद यह जानकारी दी है। अब प्रदेश सरकार प्रधानमंत्री से शीघ्र नींव रखवाने की कोशिश करेगी।
बुधवार को ज्यूरिख एयरपोर्ट और उत्तर प्रदेश सरकार के अधिकारियों के बीच लखनऊ में लंबी बैठक हुई थी, जिसमें एयरपोर्ट परियोजना को आगे बढ़ाने के लिए विस्तृत रूपरेखा तैयार की गई। अब बृहस्पतिवार को पर्यावरण की मंजूरी मिलने से सरकार में खुशी का माहौल है। दरअसल, पर्यावरण मंत्रालय ने परियोजना पर सात बड़ी आपत्तियां लगाई थीं, जिससे संशय की स्थिति बनी हुई थी। इसमें सबसे बड़ी समस्या परियोजना के इर्दगिर्द रह रहे वन्य जीवों के संरक्षण को लेकर थी, जिसका प्लान वाइल्ड लाइफ संस्था ने तैयार कर भेज दिया है। अब उत्तर प्रदेश सरकार और यमुना प्राधिकरण नोएडा एयरपोर्ट परियोजना पर निर्माण शीघ्र शुरू कराना चाहते हैं। इसके लिए दोनों स्तर पर तैयारी तेज हो गई हैं। एयरपोर्ट निर्माण व संचालन के लिए स्पेशल परपज व्हीकल कंपनी का गठन भी पहले ही हो गया है। मार्च अंत में या फिर अप्रैल में एयरपोर्ट का शिलान्यास होने की उम्मीद है। प्रधानमंत्री इसकी नींव रखने ग्रेटर नोएडा आ सकते हैं। बता दें कि यह एशिया का सबसे बड़ा व दुनिया का पांचवां सबसे बड़ा एयरपोर्ट होगा।
दयानतपुर में एयरपोर्ट की जमीन का सीमांकन शुरू
जेवर। नोएडा एयरपोर्ट के लिए बृहस्पतिवार को दयानतपुर गांव में अधिगृहीत जमीन का सीमांकन किया गया। तहसील प्रशासन ने पैमाइश का काम भी शुरू करा दिया है। इस काम में लेखपालों की टीम जुटी है। जेवर तहसीलदार दुर्गेश सिंह ने बताया कि 27 जनवरी को जिलाधिकारी ब्रजेश नारायण सिंह की निगरानी में एयरपोर्ट की 1334 हेक्टेयर जमीन के अधिग्रहण की कार्रवाई पूरी कर ली गई है। यीडा को जमीन पर कब्जा दे दिया गया है। अब तहसील प्रशासन ने जमीन के पैमाइश का काम जेवर के रन्हेरा गांव से शुरू कर दिया है। एयरपोर्ट के लिए रन्हेरा, पारोही, रोही, बनवारीवास, किशोरपुर व दयान्तपुर गांव की 1334 हेक्टेयर जमीन ली गई है। रन्हेरा के बाद बाकी पांच गांव की जमीन की पैमाइश का काम भी प्रशासन जल्द करने की तैयारी कर रहा है। तहसील प्रशासन ने रन्हेरा गांव के साथ ही दयानतपुर मे भी काम शुरू कर दिया है।