यमुना इंटरनेशनल एयरपोर्ट प्राइवेट लिमिटेड (यापल) के आंकड़ों के अनुसार, संचालन के पहले सप्ताह में एयरपोर्ट से 86 उड़ानों का आगमन और प्रस्थान हुआ। शुरुआती दो सप्ताह तक इंडिगो और अकासा एयर ने पांच शहरों के लिए सेवाएं शुरू कीं। दूसरे सप्ताह में उड़ानों की संख्या बढ़कर 88 हो गई। तीसरे सप्ताह में नेटवर्क का तेजी से विस्तार हुआ और कनेक्टिविटी 15 शहरों तक पहुंच गई। इसी दौरान उड़ानों की संख्या बढ़कर 201 हो गई। चौथे सप्ताह में यह आंकड़ा 224 तक पहुंच गया। 15 जून से 13 जुलाई के बीच एयरपोर्ट पर कुल 599 उड़ानों का संचालन दर्ज किया गया।
यात्रियों की संख्या में भी लगातार वृद्धि हुई है। जून में 15 दिनों के भीतर 27,841 यात्रियों ने एयरपोर्ट का उपयोग किया, जबकि चालू महीने में 13 जुलाई तक ही 33,446 यात्री सेवाएं ले चुके हैं। एक जुलाई से उड़ानों की संख्या बढ़ने के साथ यात्रियों की संख्या में भी उल्लेखनीय इजाफा हुआ है।
एक महीने के दौरान 18,242 यात्रियों ने नोएडा एयरपोर्ट से अपनी यात्रा शुरू की, जबकि 18,089 यात्री यहां पहुंचे। इसके अलावा 11,732 यात्रियों ने आगे की यात्रा के लिए यहां फ्लाइट बदली, जबकि 13,042 यात्रियों ने ट्रांजिट के रूप में कुछ समय एयरपोर्ट पर रुकने के बाद उसी विमान से आगे की यात्रा की। इससे स्पष्ट है कि एयरपोर्ट केवल स्थानीय यात्रियों ही नहीं, बल्कि ट्रांसफर और ट्रांजिट यात्रियों के लिए भी तेजी से महत्वपूर्ण केंद्र बन रहा है।
बेहतर हो रही यात्रियों की संख्या
दैनिक यात्री संख्या में भी लगातार बढ़ोतरी दर्ज की गई। 15 जून को एयरपोर्ट से 1,427 यात्रियों ने यात्रा की थी। जून के अंतिम सप्ताह तक यह संख्या करीब 1,900 तक पहुंच गई। जुलाई की शुरुआत से यात्री संख्या में तेज उछाल आया और 10 जुलाई को सर्वाधिक 3,255 यात्रियों ने एयरपोर्ट का उपयोग किया। इसके बाद भी प्रतिदिन तीन हजार के आसपास यात्रियों की आवाजाही बनी रही।
यीडा के एसीईओ एवं नोएडा एयरपोर्ट के नोडल अधिकारी शैलेंद्र कुमार भाटिया एयरपोर्ट पर एयर ट्रैफिक लगातार बढ़ने से उत्साहित हैं। भाटिया कहते हैं, आने वाले समय में यात्रियों के लिए सुविधाओं का और विस्तार किया जाएगा। एयरलाइंस नए शहरों को जोड़ने की दिशा में लगातार काम कर रही हैं। जहां भी व्यावसायिक संभावना बन रही है, वहां से उड़ानें शुरू की जा रही हैं और अधिकांश प्रमुख शहरों को नोएडा एयरपोर्ट से जोड़ दिया गया है।
लगातार मजबूत हो रही कनेक्टिविटी
नोएडा एयरपोर्ट पर एक महीने के अंदर यात्री करीब दो गुना बढ़ चुके हैं। रोजाना करीब 32 फ्लाइट एयरपोर्ट से टेकऑफ और लैंड कर रही हैं। यहां नए शहरों से जुड़ाव के साथ यात्री अनुभव बेहतर बनाने पर भी काम हुआ है। एयरपोर्ट तक आने और यहां से गंतव्य तक जाने की कनेक्टिविटी लगातार मजबूत हो रही है। आने वाले दिनों में ईस्टर्न पेरिफेरल एक्सप्रेसवे का इंटरचेंज शुरू होने से दूसरे शहरों से पहुंच और आसान होगी। यमुना सिटी तेजी से विकसित हो रही है और यह ऐसा औद्योगिक शहर बन रहा है, जहां अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट की सुविधा लोगों के दरवाजे तक उपलब्ध है। -राकेश कुमार सिंह, सीईओ, बीड़ा