ग्रेटर नोएडा। जिला प्रशासन की स्टेटिक सर्विलांस टीम (एसएसटी) और फ्लाइंग स्क्वायड टीम (एफएसटी) चुनाव में अभी तक 2.31 करोड़ रुपये जब्त कर चुकी हैं। ज्यादातर मामलों में सभी ने धनराशि को छुड़ाने के लिए आवेदन किया है, लेकिन नोएडा में 18 जनवरी को फॉर्च्यूनर कार से जब्त 99.30 लाख रुपये के लिए किसी ने आवेदन नहीं किया है। चुनाव को प्रभावित करने के लिए पैसे और शराब के इस्तेमाल को रोकने के उद्देश्य से जिला प्रशासन ने 27 एफएसटी और 27 एसएसटी (प्रत्येक विधानसभा में 9-9 टीमें) तैनात की हैं। सभी टीमें 29 मामलों में 2.31 करोड़ रुपये जब्त कर चुकी हैं। 29 केस में से 27 लोगों ने धनराशि को मुक्त कराने के लिए प्रशासन के समक्ष आवेदन किया है। प्रशासनिक अफसरों ने बताया कि इन सभी पर जल्द फैसला लिया जाएगा। सभी ने धनराशि के संबंध में साक्ष्य प्रस्तुत किए हैं। समिति साक्ष्यों के आधार पर फैसला लेगी।
वहीं, 26 जनवरी को नोएडा में 21.23 लाख रुपये जब्त किए गए थे। यह धनराशि संदिग्ध थी और इसको आयकर विभाग के हवाले कर दिया गया है। अफसरों ने बताया कि अभी तक केवल चार मामलों में 10 लाख रुपये से ऊपर धनराशि जब्त की गई है। इसकी सूचना आयकर विभाग को दी गई है। वहीं, लोकसभा चुनाव-2019 में पुलिस ने एक सूचना पर 1.37 करोड़ रुपये बरामद किए थे। यह पैसा एटीएम बैंक का था जो अभी तक थाने में जमा है। बैंक की तरफ से अभी तक इस धनराशि को मुक्त कराने का आवेदन नहीं किया गया है।
7083 लीटर शराब की जा चुकी है जब्त
जिला प्रशासन की एसएसटी टीम के अलावा पुलिस व आबकारी विभाग की टीमों ने अभी तक 7083 लीटर शराब जब्त की है। इसमें एसएसटी ने 11 लीटर शराब जब्त की है। इसे विधानसभा चुनाव में परोसने के लिए लाया जा रहा था। नोएडा में सबसे अधिक 3658 लीटर शराब जब्त की जा चुकी है। वहीं, दादरी क्षेत्र में 3087 लीटर और जेवर क्षेत्र में 338 लीटर शराब जब्त की जा चुकी है। व्यय अनुवीक्षण के नोएडा अधिकारी अशोक कुमार ने बताया कि तीनों विधानसभा सीटों में लगी एफएसटी और एसएसटी लगातार जांच कर रही हैं। ज्यादातर केस में जब्त धनराशि को मुक्त कराने के आवेदन आ चुके हैं। साक्ष्यों के आधार पर जल्द फैसला लिया जाएगा।