- गड़बड़ी होने पर संबंधित अधिकारियों पर की जाएगी कार्रवाई
माई सिटी रिपोर्टर
ग्रेटर नोएडा। यूपी बोर्ड के हाईस्कूल व इंटरमीडिएट के प्रश्नपत्रों को नाइट विजन कैमरों की निगरानी में रखा गया है। विभाग की ओर से सभी केंद्रों पर पेपर और कापी पहुंचा दी गई हैं और इन्हें सीसीटीवी व पुलिस की निगरानी में रखा गया है। परीक्षा कराए जाने के लिए विभाग की ओर से सारी तैयारी कर ली गई हैं। जिला विद्यालय निरीक्षक राजेश कुमार सिंह ने बताया कि परीक्षा को संपन्न कराने के लिए सेक्टर मजिस्ट्रेट से लेकर जोनल मजिस्ट्रेट तक की तैनाती की गई है। किसी भी तरह की कोई गड़बड़ी होने पर संबंधित अधिकारी के खिलाफ विभागीय कार्रवाई की जाएगी। किसी भी केंद्र पर परीक्षा के दौरान प्रश्न से जुड़ी कोई भी समस्या आती है, तो 10 से 15 मिनट के अंदर केंद्र पर दूसरे प्रश्न पत्र पहुंचाए जाएंगे।
परीक्षा की शुचिता के मद्देनजर विद्यालय में डिजिटल कंट्रोल रूम स्थापित किया गया है जो कि जनपदीय कंट्रोल रूम, मेरठ एवं प्रादेशिक कंट्रोल रूम प्रयागराज से कनेक्ट रहेगा। नकलविहीन एवं सकुशल परीक्षा संपन्न कराने के उद्देश्य से विद्यालय में नाइट विजन ऑडियो विजुअल कैमरों की व्यवस्था, प्रकाश व्यवस्था, सुचारू विद्युत आपूर्ति, पेयजल, बालक एवं बालिकाओं के लिए अलग प्रसाधन केंद्र की व्यवस्था करते हुए समस्त तैयारी पूर्ण कर ली गई हैं।
इसके अतिरिक्त पूर्ण रूप से सुरक्षित स्ट्रांग रूम, परीक्षा कक्ष, कंट्रोल रूम की स्थापना कर ली गई हैं। परीक्षा के दौरान मोबाइल, डिजिटल घड़ी, कैलकुलेटर, ब्लुटूथ, इयर बर्ड आदि डिजिटल उपकरण पूर्ण रूप से प्रतिबंधित रहेंगे। किसी भी अनुचित साधन का प्रयोग करते पाए जाने पर उचित कार्रवाई की जाएगी। परीक्षा समय में किसी भी बाहरी व्यक्ति का प्रवेश विद्यालय परिसर में निषेध रहेगा। इस मौके पर स्टेटिक मजिस्ट्रेट मनोज कुमार व बाह्य केंद्र व्यवस्थापक मुनीश पाल उपस्थित रहे।