शामली। राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण बागपत इकाई के अफसरों ने परिवहन विभाग, लाेक निर्माण विभाग समेत कई विभागों की रिपोर्ट को अनदेखा कर मेरठ- करनाल हाईवे के टपराना गोलचक्कर से लेकर सहारनपुर रोड अंबा विहार तक दुर्घटनाग्रस्त इलाका नहीं माना है। इस बाबत राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण के अफसरों ने एक शिकायत का जवाब दिया है। जिसमें कहा गया है कि मौजूदा समय में उक्त स्थान ब्लैक स्पाॅट की सूची में दर्ज नहीं है।
अग्रवाल मित्र मंडल शामली के सचिव अनुज बंसल ने राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण बागपत इकाई के परियोजना निदेशक को एक शिकायती पत्र देते हुए मेरठ करनाल हाईवे के टपराना गोलचक्कर से साईंधाम तक सहारनपुर रोड पर दुर्घटना क्षेत्र बताते हुए उपरिगामी पुल की मांग की थी।
जिले के तत्कालीन डीएम रविंद्र सिंह ने यातायात, लोक निर्माण विभाग समेत कई विभागों की टीम गठित करके मेरठ- करनाल हाईवे के टपराना बाईपास पर यातायात तकनीकी खामियों की रिपोर्ट तलब करके एनएचएआई बागपत को भेजी थी।
परिषद के चेयरमैन से इस ब्लैक स्पॉट पर हो रहे हादसों पार अंकुश लगाने के लिए उपरिगामी पुल का निर्माण कराने और उच्च स्तरीय एसआईटी गठित करने राष्ट्रीय राजमार्ग की खामियों काे दूर कराए जाने के निर्देश दिए थे।
अब राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण बागपत इकाई के परियोजना निदेशक ने कहा कि मार्ग का निर्माण हो चुका है। सहारनपुर रोड अंबा विहार दुर्घटना क्षेत्र नहीं है। इस जवाब के बाद यहां उपरिगामी पुल बनने की संभावना खत्म होती नजर आ रही है। जबकि लोग यहां लगातार पुल की मांग कर रहे हैं।