शामली। कांधला के हार्डवेयर व्यापारी आबिद सैफी से रंगदारी मांगने में राजस्थान के नागौर निवासी व्यक्ति का कोलकाता में चार माह पहले खोए गए सिम कार्ड का इस्तेमाल किया गया था।
पुलिस की जांच में यह बात सामने आई है। लोनी निवासी आरोपी सिकंदर को यह सिम उसके परिचितों से मिला था। आरोपियों ने पुलिस से बचने के लिए इस सिम का इस्तेमाल किया था।
पुलिस ने उस व्यक्ति से संपर्क किया तो उसने बताया कि उसका काम के सिलसिले में कोलकाता आना जाना रहता है। उसने सिम को कोलकाता से खरीदा था। करीब चार माह पहले उसका सिम खो गया था, लेकिन उसने सिम खोने की सूचना पुलिस को नहीं दी थी।
पुलिस के मुताबिक आरोपियों से पूछताछ में सामने आया कि सिकंदर के किसी परिचित को कोलकाता में सिम सड़क पर पड़ा मिला था। आरोपियों ने इस सिम का इस्तेमाल रंगदारी मांगने में कर लिया।
युसूफ ने अपने परिचित सिकंदर से बात की थी, जिस पर उसने सिम व मोबाइल उपलब्ध कराया और मेरठ निवासी अपने रिश्तेदार जुबेर से रंगदारी की कॉल कराई थी। एसपी रामसेवक गौतम ने बताया कि व्यापारी से रंगदारी प्रकरण में जांच चल रही है।