ग्रेटर नोएडा। शहर में आवासीय और औद्योगिक भूखंडों के साथ ही कियोस्क की आवंटन दरों में प्राधिकरण ने 16 से 52 फीसदी तक बढ़ोतरी कर दी है। इनमें सबसे अधिक आईटी के भूखंड़ों की दरें बढ़ाई गईं हैं। पांच अप्रैल को बोर्ड बैठक में इस संबंध में निर्णय लिया गया था। अब शुक्रवार को प्राधिकरण ने नई दरों की सूची जारी कर दी है। सभी आवंटन नीलामी से होंगे।
प्राधिकरण ने सबसे कम 16 फीसदी दरें बिल्डर भूखंडों की बढ़ाई हैं, जबकि सबसे अधिक दरें आईटी भूखंडों के लिए 52 फीसदी तक बढ़ाई गईं हैं। बिल्डर भूखंडों की दरें 29408 रुपये प्रति वर्गमीटर से 34370 रुपये प्रति वर्गमीटर थीं। अब इसे 30,000 से 40,000 रुपये प्रति वर्गमीटर किया गया है। आईटी के भूखंड की आवंटन दर पहले 9060 रुपये से 20309 रुपये थी। अब यह 15000 रुपये से लेकर 22500 रुपये प्रति वर्गमीटर कर दी गई है।
औद्योगिक भूखंडों की दरों में 26 फीसदी तक इजाफा कर चार श्रेणियों में बांटा गया है। पहले यह छह श्रेणी में बांटे जाते रहे थे। अब 9500 रुपये से लेकर 25000 रुपये प्रति वर्गमीटर तक की गई हैं, जबकि पहले आवंटन दर 8125 रुपये से लेकर 20830 रुपये प्रति वर्ग मीटर तक थी। व्यावसायिक भूखंडों की आवंटन दरें पहले 44250 रुपये से लेकर 46190 रुपये प्रति वर्गमीटर थी, अब 47000 रुपये से लेकर 50,000 रुपये प्रति वर्गमीटर तक हो गई हैं। संस्थागत भूखंडों की आवंटन दरों में 42 प्रतिशत तक वृद्धि की गई है। पहले दरें 9060 रुपये से लेकर 20310 रुपये प्रति वर्गमीटर थीं। अब इसे 13000 रुपये से लेकर 22500 रुपये प्रति वर्गमीटर किया गया है।
दूध व सब्जी के लिए बूथ भूखंडों में भी 21% की वृद्धि
दूध व सब्जी के लिए बूथ भूखंडों की आवंटन दरों में 21 प्रतिशत तक बढ़ोतरी हुई है। पहले 14060 रुपये से लेकर 18230 रुपये प्रति वर्गमीटर दर थी जो अब 16,000 रुपये से लेकर 22,000 रुपये प्रति वर्गमीटर कर दी गई है।
कारोबार करने वाले होंगे कम
प्रॉपर्टी के जानकार लोगों का कहना है कि प्राधिकरण की ओर से आवंटन दरें बढ़ाने से शहर में निवास और कारोबार करने वालों में कमी आएगी। हालांकि, इस समय प्रॉपर्टी में कुछ दिन के लिए उछाल आया था, लेकिन दरों में बढ़ोतरी के बाद भूखंड खरीदने में कमी आएगी।