- पर्थला खंजरपुर कंपोजिट विद्यालय में भविष्य सामुदायिक पुस्तकालय का उद्घाटन, 500 से अधिक विद्यार्थियों को मिलेगा लाभ
संवाद न्यूज एजेंसी
नोएडा। 16 जून से नए शैक्षणिक सत्र के लिए सरकारी स्कूल खुलने जा रहे हैं। इससे पहले ग्राम पर्थला खंजरपुर स्थित कंपोजिट विद्यालय के विद्यार्थियों को बड़ी सौगात मिली है। विद्यालय परिसर में भविष्य सामुदायिक पुस्तकालय का उद्घाटन किया गया है, जिसका लाभ स्कूल के 500 से अधिक छात्र-छात्राओं को मिलेगा। इसके साथ ही तीन नई कक्षाएं भी तैयार हो गई हैं, जिससे बच्चों को बेहतर वातावरण में पढ़ाई करने का अवसर मिलेगा। पुस्तकालय में कक्षा 1 से 8 तक के विद्यार्थियों के स्तर के अनुरूप हिंदी, अंग्रेजी, गणित, विज्ञान, पर्यावरण, सामान्य ज्ञान, बाल साहित्य, कहानी संग्रह, प्रेरक व्यक्तित्वों की जीवनी, चित्र पुस्तकें और नैतिक शिक्षा से जुड़ी पुस्तकें उपलब्ध कराई गई हैं। स्कूल खुलने के बाद बच्चे नियमित रूप से इन पुस्तकों का अध्ययन कर सकेंगे और अपनी पाठ्यपुस्तकों के अलावा ज्ञान का दायरा भी बढ़ा सकेंगे।
कक्षाओं में आधुनिक सुविधाएं-
विद्यालय की अध्यापिका अर्चना ने बताया कि स्कूल में वर्तमान में 504 विद्यार्थी अध्ययनरत हैं। नई कक्षाओं के निर्माण से कक्षाओं में आधुनिक सुविधाओं के साथ टाइल्स, आकर्षक शैक्षणिक पेंटिंग्स और नए पंखे लगाए गए हैं, जिससे विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक माहौल मिलेगा। विद्यालय प्रशासन के अनुसार नई कक्षाओं में कंप्यूटर शिक्षा और अन्य शैक्षणिक गतिविधियां भी संचालित की जाएंगी। भविष्य संस्था ने अपनी स्थापना के 10 वर्ष पूरे होने के अवसर पर यह पुस्तकालय विद्यालय को समर्पित किया है।
कोट-
पुस्तकालय और नई कक्षाओं की सुविधा बच्चों की शिक्षा को मजबूत बनाने के साथ उनके उज्ज्वल भविष्य की दिशा में महत्वपूर्ण कदम साबित होगी। -मंजूलता सिंह, प्रधानाध्यापिका
नोएडा। कंपोजिट स्कूल में स्कूल की लाइब्रेरी में पढ़ रहे बच्चे । संवाद