मुख्य सचिव दुर्गा शंकर मिश्र ने समीक्षा बैठक में खारिज की अप्रैल 2025 से उड़ान भरने की घोषणा
कार्यदायी संस्था से 15 जुलाई तक मांगा कैच अप प्लान, अगस्त में एएआई को सौंपी जाएगी बिल्डिग
माई सिटी रिपोर्टर
ग्रेटर नोएडा।
नोएडा एयरपोर्ट से अब विमानों की उड़ान दिसंबर में शुरू होने की उम्मीद है। मुख्य सचिव दुर्गा शंकर मिश्र ने शुक्रवार को एयरपोर्ट के संचालन की नई समयसीमा तय की है। उन्होंने अप्रैल 2025 से उड़ान की घोषणा को खारिज कर दिया। उन्होंने कार्यदायी संस्था से 15 जुलाई तक कैचअप प्लान मांगा है। इसके बाद अगस्त तक बिल्डिंग को एयरपोर्ट अथॉरिटी ऑफ इंडिया (एएआई) को एयर ट्रैफिक कंट्रोल (एटीसी) उपकरण लगाने के लिए सौंप दिया जाएगा। एएआई का कहना है कि उपकरणों की स्थापना का कार्य सितंबर तक पूरा कर लिया जाएगा।
एयरपोर्ट के निर्माण में देरी की घोषणा के बाद मुख्य सचिव दुर्गा शंकर मिश्र ने सुबह एयरपोर्ट की साइट का निरीक्षण और समीक्षा बैठक की। एयरपोर्ट के विकासकर्ता ज्यूरिक एयरपोर्ट की एसपीवी और यमुना इंटरनेशनल एयरपोर्ट प्राइवेट लिमिटेड (यापल) की ओर से बताया गया कि एयरपोर्ट के विकास के लिए ईपीसी कांट्रैक्टर टाटा प्रोजेक्ट्स लिमिटेड की ओर से एटीसी बिल्डिंग के निर्माण का कार्य जारी है। अगस्त तक इस बिल्डिंग को एएआई को एटीसी उपकरण लगाने के लिए सौंप दिया जाएगा। वहीं, मुख्य सचिव ने कहा कि एयरपोर्ट का विकास माइलस्टोन के अनुसार समय से सितंबर 2024 तक पूर्ण कर लिया जाए और किसी भी स्थिति में दिसंबर तक एयरपोर्ट का कॉमर्शियल ऑपरेशन शुरू कर दिया जाए। विकासकर्ता सभी विभागों की आवश्यकताओं और नियमों के अनुसार काम करें व समस्या का समाधान सितंबर तक लें। विकासकर्ता और टाटा प्रोजेक्ट्स लिमिटेड आपस में तय कर 15 जुलाई तक कैचअप प्लान प्रस्तुत करें। इसके अलावा एयरपोर्ट के लिए सीआईएसएफ, सीएनएसएटीएम, सिक्योरिटी और डीजीसीए से संबंधित बिंदुओं पर चर्चा की गई। इस दौरान सभी केंद्रीय एजेंसियों के अधिकारी मौजूद रहे। निरीक्षण और बैठक में सीईओ नायल डाॅ. अरुणवीर सिंह, जिलाधिकारी मनीष वर्मा, नायल के नोडल ऑफिसर शैलेंद्र भाटिया, यापल की सीईओ क्रिस्टोफ सैल्मन, चीफ ऑपरेटिंग ऑफिसर किरन जैन, प्राधिकरण के एसीइओ कपिल सिंह और विपिन जैन उपस्थित रहे।
रनवे और एप्रन पर चल रहा ई-लाइट का काम
टर्मिनल बिल्डिंग के निरीक्षण के दौरान विकासकर्ता कंपनी के प्रतिनिधियों ने बताया कि वर्तमान में रनवे और एप्रन पर ई-लाइट का कार्य चल रहा है। रनवे के पास नेविगेशन इक्विपमेंट, ग्लाइड पाथ एंटीना और लोकलाइजर लगाए जा चुके हैं। फसाड और रूफ का कार्य चल रहा है। पियर पर फिनिशिंग का कार्य शुरू कर दिया गया है। ऑटोमेटेड बैगेज हैंडलिंग सिस्टम के इंस्टॉलेशन का कार्य भी शुरू किया गया है। यह भी बताया गया कि अब तक 37 मिलियन सेफ वर्क आवर का कार्य सफलतापूर्वक पूरा कर लिया गया है।
ग्रेस पीरियड में ही पूरा करना होगा काम
विकासकर्ता कंपनी ने 24 जून को एयरपोर्ट के संचालन में सात माह की देरी की घोषणा की थी। इसके बाद यमुना प्राधिकरण ने भी देरी पर 10 लाख रुपये प्रतिदिन के जुर्माने का नोटिस जारी किया था। मुख्य सचिव की बैठक में एयरपोर्ट का काम ग्रेस पीरियड में पूरा करने की सहमति बनी है। पहले 29 सितंबर 2024 को पहली उड़ान की समयसीमा तय थी। इसमें तीन महीने का ग्रेस पीरियड तय है। ग्रेस पीरियड में भी जुर्माना नहीं लगाया जाएगा।