- दो करोड़ की लागत से स्कूलों में होंगी सभी हाईटेक सुविधाएं - सौर ऊर्जा से स्कूल भवनों को जगमग करने की तैयारी में भी जुटा विभाग
अंकुर त्रिपाठी
ग्रेटर नोएडा। दनकौर ब्लॉक के परिषदीय स्कूलों के छात्रों को अब कॉन्वेंट की तरह सभी हाईटेक सुविधाएं मुहैया कराई जाएंगी। बेसिक शिक्षा विभाग दो स्कूलों में नए भवन बनवाएगा। इसके लिए स्कूलों का चयन किया जा रहा है। इससे 800 से अधिक छात्रों को सहूलियत मिलेगी। दो करोड़ रुपये की लागत से स्कूल बनेंगे।
डीसी निर्माण अविनाश कुमार ने बताया कि स्कूल जर्जर होने के कारण छात्रों को परेशानी हो रही है इसलिए भवन बनवाने का निर्णय लिया गया है। कई सीएसआर भवन को बनवाने के लिए आगे आएं हैं। स्कूल में स्मार्ट क्सालरूम से लेकर अन्य सुविधाएं मुहैया कराएंगी। इसके साथ ही छात्रों के बैठने के लिए भी बेंच की व्यवस्था की जाएगी। नई शिक्षा नीति के तहत स्कूल में प्रैक्टिकल, समग्र, एकीकृत, वास्तविक जीवन की स्थितियों पर आधारित पढ़ाई कराई जाएगी। छात्रों को कंप्यूटर लैब, निपुणशाला के साथ ही अन्य सुविधाएं मिलेंगी। सीएसआर की मदद से जनपद में कई स्कूलों को दो मंजिला भी तैयार किया जा चुका है।
दिव्यांग छात्रों के हिसाब से बनेगा
स्कूलों में साइंस और रोबोटिक्स के बारे में सीखने के लिए एक मॉड्यूलर कंपोजिट लैब, स्मार्ट गणित व विज्ञान की लैब तैयार की जाएगी। स्कूल में स्मार्ट कक्षाओं के माध्यम से छात्रों को पढ़ाया जाएगा। बाल वाटिका, न्यूट्रिशन गार्डन की सुविधा भी मिलेगी। दिव्यांग छात्रों के लिए रैंप और रेलिंग सहित विशेष सहायक उपकरण उपलब्ध कराए जाएंगे। प्रशिक्षित शिक्षकों की नियुक्ति की जा रही है।
सौर उर्जा से जगमग होगा स्कूल परिसर
स्कूल में सोलर पैनल लगाए जाएंगे। इसके साथ ही रेन वाटर हार्वेस्टिंग सिस्टम, आरओ वाटर, हाथ धोने की जगह भी बनाई गई है। छात्रों को मिड डे मील भोजन के लिए एक अलग कमरा बनेगा। कॉन्फ्रेंस रूम की सुविधा भी दी जाएगी।
वर्जन
दनकौर में दो स्कूलोें में नए भवन बनवाए जाएंगे। इसके लिए स्कूलों का चयन किया जा चुका है। जल्द स्कूल बनने का काम शुरु हो जाएगा। दनकौर में यमुना प्राधिकरण का काफी सहयोग मिल रहा है। -राहुल पंवार, बेसिक शिक्षा अधिकारी