25 अक्तूबर से पहले नोएडा एयरपोर्ट को तैयार करने के लिए जुटे यीडा और नायल के अधिकारी
फोटो
अतुल भारद्वाज
ग्रेटर नोएडा। यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो समाप्त होने के बाद अब नोएडा एयरपोर्ट के उद्घाटन की तैयारियां शुरू हो गई हैं। 30 अक्तूबर को प्रस्तावित उद्घाटन के लिए प्रधानमंत्री की जनसभा के लिए जगह फाइनल करने की कवायद तेज हो गई है।
नोएडा एयरपोर्ट तक पहुंचने के लिए मार्ग की अड़चनें भी दूर की जा रही हैं। अधिकारियों का दावा है कि ईस्टर्न पेरीफेरल एक्सप्रेसवे से इंटरचेंज को अगले नौ महीने में बना दिया जाएगा। यमुना प्राधिकरण (यीडा) के बनाए रैंप को भी शुरू कर दिया जाएगा।
यमुना प्राधिकरण के सीईओ राकेश कुमार सिंह भी समीक्षा बैठक कर रहे हैं। पिछले दिनों नोएडा एयरपोर्ट के निरीक्षण के बाद नायल के अधिकारियों के साथ उनकी बैठकें भी रही हैं। खुद नायल के एसीईओ और यीडा के ओएसडी शैलेंद्र पाठक नियमित रूप से ले रहे हैं। यापल ने सीईओ को बताया है कि 25 अक्तूबर तक काम समाप्त कर दिए जाएंगे। यहां रनवे, एटीसी टॉवर, लाउंज, बोर्डिंग काउंटर, बोर्डिंग गेट व प्रशासनिक भवन जैसे महत्वपूर्ण काम पहले ही पूरे हो चुके हैं।
प्राधिकरण के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि पिछले दिनों पुलिस आयुक्त लक्ष्मी सिंह, डीएम मेधा रूपम और सीईओ राकेश कुमार सिंह ने संयुक्त रूप से निरीक्षण कर प्रधानमंत्री की जनसभा और उद्घाटन कार्यक्रम के लिए जगह देखी थी। यहां तीन जगह प्रस्तावित की गई हैं। अभी सहमति एयरपोर्ट परिसर के अंदर ही कार्यक्रम करने के लिए बन रही है। इसकी वजह एयरपोर्ट के नजदीक में प्रधानमंत्री के कार्यक्रम के लिए कोई उचित जगह नहीं मिल पाना है। ऐसे में संभावना है कि एयरपोर्ट परिसर के अंदर ही प्रधानमंत्री उद्यमी, निवेशक और आमजन को संबोधित करें।
उधर सेक्टर-18 में फिल्म सिटी के शिलान्यास की तैयारी भी चल रही है। फिल्म सिटी को बना रही कंपनी बे ब्यू को अभी कुछ हिस्से में जमीन मिलने में अड़चन है। इस जमीन के लिए सहमति जुटाने में प्राधिकरण के अधिकारी जुटे हैं। ट्रेड शो के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को खुद बोनी कपूर और उनके बेटे अर्जुन कपूर ने प्रोजेक्ट पर अपडेट दिया था।
सीईओ राकेश कुमार सिंह का कार्यकाल एक साल बढ़ने से भी नोएडा एयरपोर्ट के काम समय से पूरे होने और उद्घाटन के बाद जल्द ही यहां से उड़ान शुरू होने की उम्मीद बढ़ी है।
इनसेट-
जगनपुर अफजलपुर के इंटरचेंज का भी काम होगा तेज
ईस्टर्न पेरीफेरल एक्सप्रेसवे से हरियाणा और पश्चिमी यूपी के यात्रियों को नोएडा एयरपोर्ट पहुंचना आसान हो, इसके लिए एनएचएआई जगनपुर अफजलपुर पर इंटरचेंज बना रहा है। सोमवार को ही एनएचएआई के चेयरमैन संतोष यादव ने यमुना प्राधिकरण के अधिकारियों के साथ यहां निरीक्षण किया था। इसके अलावा नोएडा एयरपोर्ट तक पहुंच के लिए जरूरी आठ किलोमीटर लंबी और 30 मीटर चौड़ी पेरीफेरल रोड और 750 मीटर लंबी सेकेंडरी एक्सेस रोड के काम को भी देखा। चेयरमैन ने कार्यदायी संस्थाओं और एनएचएआई अधिकारियों से कहा कि नोएडा एयरपोर्ट के शुरू होने के लिए जरूरी सभी प्रोजेक्ट को तेजी से प्राथमिकता पर पूरा कराएं।