वाणिज्य विभाग ने टिकट बुकिंग को लेकर ट्रेन चलाने में जताई असमर्थता
गोमतीनगर से पुणे-पनवेल-कल्याण के रास्ते चलनी थी सर्कुलर ट्रेन
अमर उजाला ब्यूरो
गोरखपुर। पूर्वोत्तर रेलवे से चलने वाली एनईआर की पहली सर्कुलर ट्रेन अब नहीं चल पाएगी। यह ट्रेन गोमतीनगर-पुणे-पनवेल-कल्याण के रास्ते चलनी थी। पूर्वोत्तर रेलवे के वाणिज्य विभाग ने सर्कुलर ट्रेन के लिए टिकट बुकिंग में तकनीकी दिक्कतों का हवाला देकर असमर्थता जाहिर की थी। इसके बाद अब रेलवे बोर्ड ने प्रस्ताव रद्द कर दिया।
रेलवे बोर्ड ने सर्कुलर ट्रेन को पूर्वोत्तर रेलवे से चलाने की योजना तैयार की थी। पहले यह ट्रेन गोरखपुर से चलाई जानी थी लेकिन बाद में इसे गोमतीनगर से चलाने का प्रस्ताव बना। इसका रूट गोमतीनगर से पुणे, पनवेल, कल्याण, इटारसी, झांसी होते हुए पुन: गोमतीनगर तक था।
रेलवे बोर्ड ने मार्च 2025 में इस संबंध में 05037 सर्कुलर ट्रेन की अधिसूचना जारी कर दी। इसके साथ ही पूर्वोत्तर रेलवे को निर्देश दिया था कि इस ट्रेन को जल्द से जल्द सिस्टम में फीड कराकर संचलन शुरू करा दें। पहले इसे त्योहार में स्पेशल ट्रेन के रूप में चलाने की योजना थी। बाद में इसे नियमित करना था।
अधिसूचना जारी होने के बाद प्रमुख मुख्य वाणिज्य प्रबंधक ने ट्रेन टिकट जारी करने में असमर्थता जता दी। वाणिज्य विभाग के अनुसार, एक ट्रेन नंबर से अलग-अलग स्टेशनों की फीडिंग संभव नहीं है। अब बोर्ड स्तर पर क्रिस साफ्टवेयर में बदलाव के बाद ही टिकटों की बुकिंग संभव हो सकेगी।
इसके बाद 26 सितंबर को अधिसूचना जारी कर बोर्ड ने सर्कुलर ट्रेन का प्रस्ताव रद्द कर दिया है। फिलहाल इस ट्रेन का संचलन शुरू नहीं हो पाएगा।