तस्वीरें मोबाइल एप या एनडीएमसी वेबसाइट से अपलोड करने की सुविधा मिलेगी
नई दिल्ली इलाके की सड़कें विश्वस्तरीय होगी, बजट में किया प्रावधान
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली।
बजट के लिए बुधवार को आयोजित बैठक में नई दिल्ली नगर पालिका परिषद (एनडीएमसी) ने संपत्ति कर बढ़ाने के लिए अगले वित्तीय वर्ष से सभी संपत्तियों के लिए जिओ टैगिंग करने का फैसला किया है। जिओ टैगिंग में करदाताओं की संपत्तियों की तस्वीरें मोबाइल एप या एनडीएमसी वेबसाइट के माध्यम से अपलोड करने की सुविधा होगी। इसके अलावा विकसित भारत2047 थीम के तहत नई दिल्ली इलाके की सभी सड़कों को तीन माह में विश्वस्तरीय बनाएगी। सड़कों के पास आधुनिक क्योस्क, स्ट्रीट फर्नीचर, पार्किंग सुविधा और सिटिंग प्लाजा सहित अन्य सुविधाएं विकसित की जाएंगी।
एनडीएमसी वन डे, वन रोड पहल के तहत सड़कों पर सभी संबंधित विभागों को उतारेगी। कर्मचारी सड़कों के अलावा पेड़ों, फुटपाथों की गहन दैनिक सफाई और धुलाई करेंगे। इसके अलावा साइन बोर्ड ठीक किए जाएंगे। हादसे रोकने के लिए सड़क सुरक्षा उपकरण लगाए जाएंगे। रणजीत सिंह फ्लाईओवर के सौंदर्यीकरण का कार्य भी अगले वर्ष के दौरान पूरा करने का लक्ष्य रखा गया। पैदल यात्रियों की सुविधा और सुरक्षा के लिए एम्स के गेट नंबर-एक और हाईकोर्ट में गेट नंबर-पांच के पास फुटओवर ब्रिज का निर्माण किया जाएगा।
सीवर लाइन बदलने के लिए यूडीएफ से फंड मांगा
एनडीएमसी ने नई दिल्ली इलाके में करीब 70 साल पहले डाली गई सभी सीवर लाइन बदलने का निर्णय लिया है। यहां 350 किलोमीटर लंबी सीवर लाइन है। इसके लिए शहरी विकास निधि (यूडीएफ) के तहत 556 करोड़ रुपये दिल्ली विकास प्राधिकरण आवासन और शहरी कार्य मंत्रालय से मांगे है। इस राशि से पांच वर्षों में 17 प्रमुख लाइनों को भी बदला जाएगा।
एनडीएमसी ने अपने इलाके के निवासियों को 24 घंटे सातों दिन बिजली व पानी की आपूर्ति देने का भी निर्णय लिया है। स्मार्ट मीटरों के कुशल उपयोग के लिए 11 केवी एचटी मीटरिंग क्यूबिकल स्थापित करने का निर्णय लिया है। इस योजना को हरी झंडी दी गई है। इसी तरह उसने पानी की आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए योजना शुरू करने का निर्णय लिया है। इसके लिए 25 वर्षों के विजन के साथ सलाहकार की नियुक्ति की जाएगी।
अकबर भवन में बहुमंजिला व्यावसायिक परिसर बनेगा
एनडीएमसी ने राजस्व के साथ-साथ अतिरिक्त कार्यालय स्थल की मांग को पूरा करने के लिए अकबर भवन में चार बेसमेंट और 10 मंजिला कार्यालय परिसर के निर्माण की योजना बनाई है।
पालिका सम्मान
एनडीएमसी कार्य कुशलता बढ़ाने के लिए उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले कर्मचारियों को प्रोत्साहन देने के लिए पालिका सम्मान और पालिका प्रशस्ति पत्र देगी।
किस विभाग को कितना फंड मिला
विभाग फंड
विद्युत विभाग : 1528.65 करोड़
शिक्षा विभाग : 285.21 करोड़
जल विभाग : 256.08 करोड़
सिविल बिल्डिंग विभाग : 236.17 करोड़
सड़क विभाग : 144.60 करोड़
सीवरेज विभाग : 140.28 करोड़
जन स्वास्थ्य विभाग : 125.72 करोड़
उद्यान विभाग : 121.68 करोड़
चिकित्सा सेवा विभाग : 118.59 करोड़