गणतंत्र दिवस की पूर्व संध्या पर निकाली तिरंगा यात्रा, महापुरुषों को किया नमन
संवाद न्यूज एजेंसी
सोनीपत। सेफ इंडिया फाउंडेशन व आईसीएस शिक्षण संस्थान की ओर से बुधवार को शहर में गणतंत्र दिवस की पूर्व संध्या पर तिरंगा यात्रा निकाली गई। शहीदों के सम्मान में निकाली गई यात्रा का शुभारंभ सुभाष चौक पर नेताजी सुभाष चंद्र बोस की प्रतिमा पर माल्यार्पण के साथ हुआ। इस यात्रा में मुख्य रूप से सांसद रमेश कौशिक, विधायक मोहनलाल बड़ौली, भाजपा नेता राजीव जैन, ललित बत्रा, कांग्रेस युवा जिलाध्यक्ष ललित पंवार शामिल हुए।
देशभक्ति के नारे लगाते हुए तिरंगा यात्रा शहर के मुख्य मार्गों पर निकली। फाउंडेशन के चेयरमैन वाईके त्यागी, प्रधान संजय सिंगला, आईसीएस के निदेशक परिमल कुमार व बबीता तिरंगा यात्रा का नेतृत्व कर रहे थे। यह यात्रा सुभाष चौक से स्थानीय कच्चे क्वार्टर मार्केट, दीपक मंदिर ओल्ड डीसी रोड होते हुए मामा भांजा चौक से आंबेडकर चौक पर पहुंची। जहां संविधान निर्माता डॉ. भीमराव आंबेडकर की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया गया। इसके बाद यात्रा सेक्टर-14 रोड स्थित गांधी चौक पर पहुंची। गांधी चौक पर स्थापित महात्मा गांधी की प्रतिमा पर माल्यार्पण करते हुए यात्रा का समापन किया गया। विशाल तिरंगा यात्रा में अधिकतर युवाओं के साथ शहर की सभी सामाजिक व धार्मिक संस्थाओं के प्रतिनिधियों ने भाग लिया।