ऑटो एक्सपो-2023
कार पुरानी पर दम के साथ दाम होगा नया
-ऑटो एक्सपो में कंपिनयों ने पुरानी कारों को नए फीचर्स के साथ किया पेश
-सभी कार आम जनता की पसंदीदा, कीमत और फीचर्स जानने की उत्सुकता
नवीन कुमार
ग्रेटर नोएडा। ऑटो एक्सपो में कंपनियों ने सड़कों पर पहले से मौजूद वाहनों के माॅडलों को नई तकनीक, रंग-रूप और सुविधाओं के साथ पेश किया है। इनमें किफायती दाम में बेहतर सुविधाएं दी जा रही हैं। मारुति सुजुकी ने बलेनाे तो एमजी मोटर्स ने ग्लोस्टर, हुंडई ने अल्कजार, किआ ने सोनेट व सेल्टोस में बदलाव किया है। किसी ने अपनी पुरानी कार का डिजाइन बदला है तो किसी ने कार में नवीन तकनीक के साथ बेहतर फीचर्स देने का प्रयास किया है। इन कारों को लेकर लोग भी काफी उत्सुक हैं।
अब बलेनो में होंगे छह एयरबैग, डिजाइन भी बदला
मारुति सुजुकी नए अवतार में बलेनो काे लेकर आई है। नई बलेनो में लोगों को दो की जगह छह एयरबैग, ऑटोमैटिक क्लाइमेट कंट्रोल, लेदर सीट जैसे कई बेहतरीन फीचर्स मिलेंगे। कार के डिजाइन में बदलाव कर आकर्षित बनाया गया है। हेेडलाटों के साथ बंपर का डिजाइन बदला गया है। चालक के लिए हेड ऑफ डिस्प्ले दिया गया है। इससे चालक को रास्ते की नेवीगेशन देखने में दिक्कत नहीं होगी। रेक्ड रियर विंडशील्ड, बूट-लिड इंटीग्रेटेड स्पॉइलर और एक्सटीरियर डिजाइन के चारों ओर एक मोटा बंपर देखने को मिल सकता है। 1.2-लीटर टर्बो पेट्रोल इंजन मॉडल होगा। बलेनो के टॉप मॉडल की एक्स शोरूम कीमत 9.50 लाख रखी है।
नए रंग और फीचर्स के साथ जल्द आएगी सेल्टोस
किआ की सेल्टोस कार पहले से ही बाजार में है, लेकिन कंपनी ने कुछ बदलाव के साथ कार को ऑटो एक्सपो में पेश किया है। कार में टाइगर नोज ग्रिल और फुल प्रोटेक्शन एलईडी हेडलैंप दिए गए है। अलॉय व्हील को फिर से डिजाइन किया गया है जो काफी आकर्षित है। इंटीरियर भी अपग्रेड किया गया है और पैनोरमिक डिस्प्ले दिया है। दो 10.25 इंच टच स्क्रीन इंफोटेनमेंट यूनिट और इंस्ट्रूमेंट क्लस्टर मौजूद है। कंपनी ने मैट ग्रे कलर भी पेश किया है। कार 2.0 लीटर की क्षमता के चार सिलिंडर एमपीआई इंजन और 1.6 लीटर टर्बो जीडीआई इंजन में उपलब्ध होगी। नए फीचर्स के साथ कार कुछ महंगी होगी। हालांकि कंपनी ने अभी कीमत सार्वजनिक नहीं की है।
ग्लोस्टर के स्टीयरिंग में होगा ऑटोमैटिक ट्रांसमिशन
एमजी मोटर ने अपनी एसयूवी ग्लोस्टर को मामूली बदलाव के साथ पेश किया है। अब कार का स्टीयरिंग ऑटोमैटिक ट्रांसमिशन पर आधारित होगा। स्टीयरिंग से ही कार के स्पोर्ट्स, मैन्युअल मोड को बदला जा सकता है। पहले ऑटोमैटिक ट्रांसमिशन गियर बॉक्स के पास दिया था। लेकिन इस बदलाव से कार को चलाना आसान हो जाएगा। कंपनी ने डीप गोल्डन कलर में कार को पेश किया है। डुअल स्पोक पैटर्न में भी बदलाव किया गया है। बदलाव के साथ कार करीब दो लाख रुपये महंगी हो गई है।
सनरूफ के साथ दमदार डिजाइन में टाटा अल्ट्रोज
टाटा अल्ट्रोज रेसर को कंपनी ने लाल और काले रंग के डुअल-टोन पेंट में तैयार किया है। बोनट, ओआरवीएम और रूफ को बीच में सफेद धारियों के साथ काला किया गया है। अलॉय व्हील्स को ग्लॉस ब्लैक फिनिश दिया है। डिजाइन में बदलाव ज्यादा नहीं है, लेकिन एक्सेसरीज से कार काफी दमदार लग रही है। केबिन के अंदर ऑल ब्लैक कलर स्कीम और 10.25 इंच टचस्क्रीन इंफोटेनमेंट सिस्टम दिया है। अल्ट्रोज रेसर में वेंटिलेटेड फ्रंट सीट, वॉयस एक्टिवेटेड इलेक्ट्रिक सनरूफ, वायरलेस फोन चार्जिंग और एक एयर प्यूरीफायर की सुविधा दी है। यह पट्रोल कार होगी। इसमें छह स्पीड का मैनुअल गियरबॉक्स दिया है। कंपनी साल के अंत तक कार को बाजार में उतार सकती है। अभी इसकी कीमत नहीं बताई गई है। यह कार मारुति की बलेनो व टोयोटा की ग्लैंजा को टक्कर देगी।
सोनेट का फ्रंट लुक व बंपर को किया गया रि-डिजाइन
किआ ने सोनेट कार का फ्रंट लुक और नई ग्रिल में बदलाव किया गया है। सोनेट एक्स लाइन वेरिएंट को ब्लैक कंपोनेंट के साथ पेश किया है। बंपर को रि-डिजाइन किया है। डिजाइन के लिए फॉग लैंप हाउसिंग, फ्रंट और रियर स्किड प्लेट, अलॉय व्हील्स और साइड बॉडी क्लैडिंग में भी बदलाव किया है। डार्क केबिन थीम, वेंटिलेटेड फ्रंट सीट के साथ पांच सीटर केबिन, हाईलाइन टायर प्रेशर मॉनिटरिंग सिस्टम, इलेक्ट्रॉनिक स्टेबलिटी कंट्रोल, क्रूज कंट्रोल, ऑटो क्लाइमेट कंट्रोल, की-लेस एंट्री, पार्किंग सेंसर और एक मल्टीफंक्शनल स्टीयरिंग व्हील की सुविधा होगी।
पार्किंग में बुक करा सकेंगे अपना स्थान
हुंडई ने अल्कजार कार की ब्लूलिंक सुविधा में कुछ फीचर्स जोड़े हैं। जियो फेंस से कार को गलत दिशा में जाने से रोका जा सकेगा। डिजिटल फ्यूल पेमेंट से पेट्रोल या डीजल भरवाने का भुगतान पूर्व में किया जा सकेगा। पार्किंग में अपना स्थान पहले ही बुक करा सकेंगे। कार के डिजाइन में भी बदलाव किया गया है। कार की बैक साइड लाइट और फ्रंट ग्रिल में बदलाव किया गया है। कार के इंटीरियर में भी काफी बदलाव देखने को मिलेगा।