शामली। नगरपालिका शामली की पेयजल पाइप लाइन को कुछ प्रॉपर्टी डीलरों ने अवैध रूप से गांव सिंभालका की सीमा में जोड़ लिया। पालिकाकर्मी इस पाइप लाइन को बंद करने पहुंचे तो उनके साथ गाली गलौज कर मारपीट की कोशिश की गई। कर्मचारियों ने मौके से भागकर जान बचाई। पालिका के अधिशासी अधिकारी की तरफ से कोतवाली में तहरीर दी है।
नगरपालिका के अधिशासी अधिकारी रामेंद्र सिंह की तरफ से कोतवाली में दी गई तहरीर में बताया कि मोहल्ला दयानंद नगर वार्ड 16 की सीमा से आगे गांव सिंभालका की सीमा है। आरोप है कि कुछ प्रॉपर्टी डीलरों ने पालिका की पानी की पाइप लाइन को अवैध रूप से गांव सिंभालका की सीमा में जोड़ लिया है।
उन्होंने जब पालिका कर्मचारियों को अवैध पाइप लाइन को बंद करने के लिए मौके पर भेजा गया तो प्रॉपर्टी डीलरों द्वारा पालिका कर्मचारियों के साथ गाली गलौज कर मारपीट करने की कोशिश की गई। कर्मचारी अपनी जान बचाकर मौके से आ गए।
उन्होंने पुलिस से प्रॉपर्टी डीलरों के खिलाफ कार्रवाई करने और पाइप लाइन बंद करने के के लिए पुलिस बल उपलब्ध कराए जाने की मांग की है।