मां शीतला का किया गया श्रृंगार। संवाद
धर्मापुर। मां शीतला चौकियां धाम में शारदीय नवरात्र की अष्टमी तिथि पर श्रद्धालुओं ने महागौरी के स्वरूप के दर्शन-पूजन किए। लाल, पीली, हरी चुनरी, चमेली, सफेद कमल, अड़हुल और तुलसी की माला से मां का शृंगार किया गया।
चौकियां धाम के महंत विवेकानंद पंडा ने बताया कि देवी भागवत पुराण के अनुसार देवी पार्वती ने भगवान शिव को पति रूप में पाने के लिए कठोर तपस्या की। इससे उन्हें महागौरी के रूप में जाना जाता है। मां महागौरी का प्रिय पुष्प रात रानी है। इनका राहु ग्रह पर आधिपत्य है। यही कारण है कि राहु दोष से मुक्ति के लिए मां महागौरी की पूजा की जाती है। महागौरी की आराधना से असंभव कार्य भी संभव हो जाते हैं।
उधर, शहर के दक्षिणी छोर पर सिटी स्टेशन निकट स्थित मंदिर में मां आदि शक्ति दक्षिणा काली मंदिर में दर्शन-पूजन के लिए श्रद्धालुओं की भीड़ लगी रही। मां के जयकारे व घंटों की ध्वनि से परिसर गुंजायमान रहा।
धर्मापुर :
नवरात्र की अष्टमी तिथि पर मुफ्तीगंज ब्लॉक मुख्यालय पर कन्या पूजन कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस दौरान 21 कन्याओं का पूजन किया गया। बीडीओ अस्मिता सेन ने कन्याओं का पूजन किया। पूर्व ब्लॉक प्रमुख विनय सिंह, अजय सिंह, प्रधान कमलेश यादव आदि मौजूद रहे। उधर, अष्टमी पर श्री मां शारदा शक्ति पीठ मैहर माता मंदिर में श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ पड़ी। काफी संख्या में लोगों ने मंगला आरती में शामिल होकर मां के दर्शन-पूजन किए। मंदिर के ट्रस्टी रविकांत जायसवाल ने भी परिवार के साथ पूजा अर्चना की।