घर से नकदी व ज्वेलरी लेकर चार बच्चों की मां प्रेमी के साथ फरार
बेटी की शादी के लिए रखी थी ज्वेलरी व नकदी, सर्फाबाद गांव की घटना
माई सिटी रिपोर्टर
नोएडा। सेक्टर-74 स्थित सोसाइटी में काम करने वाली घरेलू सहायिका घर से नकदी व ज्वेलरी लेकर सिक्योरिटी सुपरवाइजर के साथ भाग गई। नकदी व ज्वेलरी बेटी की शादी के लिए घर पर रखी थी। पति की अर्जी पर कोर्ट के आदेश पर कोतवाली सेक्टर-113 में मुकदमा दर्ज किया गया है।
सर्फाबाद गांव निवासी शख्स ने कोर्ट में अर्जी दी है कि वह सर्फाबाद गांव में पत्नी और चार बच्चों के साथ रहते हैं और ठेकेदारी करते हैं। सेक्टर-74 स्थित पंचशील प्रतिष्ठा सोसाइटी में पत्नी खाना बनाने का काम करती है। सोसाइटी के पास ही जिला अलीगढ़ के चकरथल गांव निवासी ललित कुमार गार्ड सुपरवाइजर की नौकरी करता है। दोनों एक-दूसरे से अक्सर मिलते थे। पीड़ित का कहना है कि बड़ी बेटी की शादी सर्फाबाद गांव में ही तय की थी। इसके लिए साढ़े चार लाख रुपये के सोने-चांदी के आभूषण और साढ़े तीन लाख रुपये घर पर रखे थे। आरोप है कि ललित कुमार व उसकी पत्नी दोनों नकदी व ज्वेलरी लेकर भाग गए।