रेस्टोरेंट के सहायक प्रबंधक व कैशियर को बंधक बनाकर पीटने का आरोप
सेक्टर-104 का मामला, पुलिस ने सात लोगों के खिलाफ दर्ज की रिपोर्ट
माई सिटी रिपोर्टर
नोएडा। कोतवाली सेक्टर-39 क्षेत्र के एक रेस्टोरेंट में सहायक प्रबंधक और कैशियर के साथ मारपीट का मामला सामने आया है। आरोप है कि रेस्टोरेंट के संचालक समेत अन्य लोगों ने बंधक बनाकर मारपीट की। कोतवाली सेक्टर-39 में मुकदमा दर्ज किया गया है।
मूलरूप से जेवर निवासी आमिल खान ने पुलिस से शिकायत की है कि वह दिल्ली के भीम नगरी स्थित दासा प्रकाश रेस्टोरेंट में असिस्टेंट मैनेजर के रूप में काम करते हैं। गाजियाबाद निवासी विवेक भी उसी रेस्टोरेंट में कैशियर है। आरोप है कि 11 अगस्त को दासा प्रकाश रेस्टोरेंट के संचालक अभिषेक, अर्जुन व उनके ड्राइवर राजा ने मिलकर विवेक पर चोरी का झूठा आरोप लगाया। विवेक को जबरन कार में डालकर नोएडा के सेक्टर-104 स्थित दासा प्रकाश रेस्टोरेंट में लेकर आए। इन लोगों ने उसे बंधक बना लिया। अगले दिन 12 अगस्त को आमिल खान को भी लोकेंद्र चौहान, पंकज और लक्ष्मण ने दिल्ली के हौज खास स्थित रेस्टोरेंट से उठा लिया। दोनों को सेक्टर-104 स्थित रेस्टोरेंट में ले आए और बंधक बना लिया। इसके बाद मारपीट की। एक कागज पर जबरन 27 लाख रुपये चोरी की बात लिखवाई। कोतवाली सेक्टर-39 पुलिस ने जीरो एफआईआर दर्ज की है। इस मामले को दिल्ली ट्रांसफर किया जाएगा।