नोएडा (संवाद)। कैंसर के प्रति जागरूकता बढ़ाने और लोगों को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने को लेकर प्रेरित करने के लिए मंगलवार को मैराथन आयोजित की गई। कार्यक्रम में 500 से अधिक एथलीट्स, फिटनेस प्रेमियों और स्थानीय नागरिकों ने हिस्सा लिया। इसका उद्देश्य लोगों को कैंसर की रोकथाम, नियमित व्यायाम और गर्मियों में स्वास्थ्य संबंधी सावधानियों के प्रति जागरूक करना था।
कार्यक्रम की शुरुआत जुम्बा सेशन से हुई। इसके बाद 3, 5 और 10 किलोमीटर श्रेणियों में मैराथन आयोजित की गई। इस मौके पर डॉ. सज्जन राजपुरोहित ने कहा कि कैंसर जैसी गंभीर बीमारियों से लड़ाई केवल इलाज से नहीं बल्कि जागरूकता, समय पर जांच और स्वस्थ जीवनशैली से शुरू होती है। नियमित व्यायाम, संतुलित आहार और सक्रिय दिनचर्या कैंसर के खतरे को कम करने में मदद करती है।