प्रेसवार्ता करते भाजपा नेता नीरज सिंह, महानगर अध्यक्ष आनंद द्विवेदी व अन्य। -संवाद
लखनऊ। प्रदेश सरकार युवाओं को रोजगार से जोड़ने के लिए राजधानी में कौशल महोत्सव-2025 का आयोजन कर रही है। गोमतीनगर के आईएमआरटी बिजनेस स्कूल हाॅल में बृहस्पतिवार को प्रेसवार्ता में भाजपा के वरिष्ठ नेता नीरज सिंह ने बताया कि यह महोत्सव 16 सितंबर से दो दिन तक कॉल्विन तालुकदार्स कॉलेज ग्राउंड में होगा। इसमें 10 हजार से अधिक युवाओं को रोजगार के अवसर प्रदान किए जाएंगे।
उन्होंने कहा कि 100 से अधिक प्रतिष्ठित कंपनियां और संस्थाएं इस महोत्सव का हिस्सा बनेंगी। इनके माध्यम से ऑटोमोटिव, इलेक्ट्रॉनिक्स, लॉजिस्टिक्स, बैंकिंग-फाइनेंशियल सेवाएं एवं बीमा, स्वास्थ्य सेवा, एयरोस्पेस और ग्रीन जॉब्स समेत 20 से अधिक क्षेत्रों में युवाओं को रोजगार मिलेगा।
कार्यक्रम में आईटीआई पास, डिप्लोमा धारकों और ग्रेजुएट युवाओं के लिए 6,900 से अधिक अपरेंटिसशिप पद उपलब्ध रहेंगे। महोत्सव में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ मुख्य अतिथि होंगे, जबकि केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और केंद्रीय मंत्री जयंत चौधरी भी शामिल रहेंगे।