कोर्ट के आदेश पर कोतवाली सेक्टर-20 पुलिस ने दर्ज की रिपोर्ट
माई सिटी रिपोर्टर
नोएडा। कंपनी के 25 करोड़ रुपये के शेयर की हेराफेरी करने पर कोर्ट के आदेश पर कोतवाली सेक्टर-20 में मुकदमा दर्ज किया गया है। मामले में पीड़ित ने अपने बड़े भाई पर आरोप लगाया है। पुलिस जेके श्रीवास्तव, महेंद्र कुमार दुब्लिश, सीमा श्रीवास्तव और पंकज श्रीवास्तव के खिलाफ केस दर्ज कर जांच कर रही है।
दिल्ली के डिफेंस सर्विस एनक्लेव निवासी ललित कुमार श्रीवास्तव ने कोर्ट में अर्जी दी है कि उन्होंने अपने बड़े भाई जेके श्रीवास्तव के साथ मिलकर 1996 में वीकन मीडिया एंड टेलीविजन लिमिटेड कंपनी बनाई थी। इसके बाद वीकन ट्रेडिंग कंपनी लिमिटेड भी बनाई गई। दोनों कंपनियों में ललित और उनकी पत्नी के पास 61 फीसदी से अधिक शेयर था। इसकी कीमत करीब 25 करोड़ रुपये है। आरोप है कि जेके श्रीवास्तव और अन्य ने ललित व उनकी पत्नी के फर्जी हस्ताक्षर कर उनके शेयर में हेरफेर कर दी। जानकारी होने पर पीडि़त ने पुलिस से शिकायत की गई लेकिन पुलिस ने इस मामले में कोई कार्रवाई नहीं की।