औद्योगिक विकास मंत्री नंद गोपाल नंदी ने जारी किए आदेश
ग्रेनो प्राधिकरण में तैनात रहे हेमेंद्र प्रताप सिंह पर कार्रवाई
माई सिटी रिपोर्टर
ग्रेटर नोएडा।
ग्रेनो प्राधिकरण में तैनात रहे प्रबंधक विद्युत एवं यांत्रिक हेमेंद्र प्रताप सिंह को औद्योगिक विकास मंत्री नंद गोपाल नंदी ने बर्खास्त कर दिया है। यूपीसीडा में उनके तबादले के बाद नई जगह पर जिम्मेदारियां निभाने की जगह लगातार अनुपस्थित रहने पर जांच बिठाई गई थी। अब उनकी सेवाएं मंत्री के आदेश के बाद समाप्त कर दी गई हैं।
मंगलवार को औद्योगिक विकास मंत्री की तरफ से जारी आदेश के मुताबिक भ्रष्टाचार की शिकायतों के बाद उनका तबादला किया गया था। इसके बाद नई जगह पर तैनाती लेने की जगह वह अनुपस्थित बने रहे। 27 नवंबर 2020 को जारी आदेश के बाद एक दिसंबर 2020 को उन्हें ग्रेनो प्राधिकरण से कार्यमुक्त भी कर दिया गया था। इसके बाद भी उन्होंने 18 अप्रैल 2022 तक आदेश के अनुपालन में नई जगह पर उपस्थित होकर कार्यभार नहीं संभाला। आदेशों की अनदेखी और मनमानी के कारण उन्हें निलंबित कर एसीईओ स्तर से जांच बिठा दी गई थी। इस जांच के पूरा होने के बाद औद्योगिक विकास मंत्री के सामने बर्खास्त किए जाने का प्रस्ताव रखा गया। इसे अनुमोदन मंगलवार को दिया गया।
आदेश के मुताबिक यह कार्रवाई अनाधिकृत रूप से अनुपस्थित रहने व चिकित्सा अवकाश के लिए निर्धारित प्रारूप में आवेदन न करने, पर्याप्त आधार एवं संतोषप्रद स्पष्टीकरण के बिना अवकाश स्वीकृत कराए बगैर सेवा से अनुपिस्थत रहने के आरोपों के कारण की गई थी। साथ ही, उच्च स्तर से मिले आदेशों की अवहेलना का भी दोषी उन्हें पाया गया था। एसीईओ यूपीसीडा की जांच आख्या में भी प्रबंधक हेमेंद्र प्रताप सिंह के खिलाफ लगाए गए आरोप सही पाए गए। अब मंत्री ने उनके खिलाफ उत्तर प्रदेश सरकारी सेवक (अनुशासन एवं अपील 1999) के नियमों में बर्खास्त करने की कार्रवाई की है।