10 दिसंबर को गोली लगने से छात्र हो गया था घायल
दादरी (संवाद)। नरौली गांव में दो दिन पहले बरात चढ़त के दौरान हर्ष फायरिंग के दौरान 16 वर्षीय छात्र गोली लगने से घायल हो गया था। मामले में पुलिस ने दूल्हे समेत 7 लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है। साथ ही पुलिस ने आरोपी बिचौलिये को गिरफ्तार कर लिया है। अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की दो टीमें लगी है।
जारचा कोतवाली क्षेत्र के नरौली लतीफपुर गांव में 10 दिसंबर को गाजियाबाद के मेवला भट्टी गांव से दूल्हे निखिल की बारात आई थी। बरात में चढ़त के दौरान हर्ष फायरिंग की जा रही थी। प्राथमिक जांच में सामने आया है कि हर्ष फायरिंग करने वाले लगभग 10 लोग थे, जो अवैध हथियार से फायरिंग कर रहे थे। फायरिंग के दौरान 16 वर्षीय तनिष के पैर में गोली लग गई थी जिससे वह घायल हो गया था। घायल का उपचार ग्रेटर नोएडा के अस्पताल में चल रहा है। जो खतरे से बाहर है। पुलिस ने दूल्हे निखिल, बिचौलिया गौरव और दूल्हे के पिता समेत 7 लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है। पुलिस ने शुक्रवार को नरौली गांव निवासी बिचौलिया गौरव को गांव से ही गिरफ्तार कर लिया है।एसीपी अजीत कुमार का कहना है कि हर्ष फायरिंग करने वाले आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की दो टीमें लगी हैं । अवैध असलहा के बारे में भी गहनता से जांच कर कार्रवाई की जाएगी।